Homeभारतदिल्लीदिल्ली हेड कांस्टेबल से मारपीट मामले में AAP नेताओं पर FIR, सौरभ...

दिल्ली हेड कांस्टेबल से मारपीट मामले में AAP नेताओं पर FIR, सौरभ भारद्वाज और जरनैल सिंह का नाम शामिल

दिल्ली के तिलक नगर में अरविंद केजरीवाल के दौरे के दौरान एक पुलिस हेड कांस्टेबल पर आप समर्थकों के हमला करने का मामला सामने आया है. पुलिसकर्मी सादी वर्दी में वीडियोग्राफी कर रहा था, तभी भीड़ ने उसे घेरकर मारपीट की. दिल्ली पुलिस ने इस मामले में सौरभ भारद्वाज और जरनैल सिंह समेत कई आप नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है.

पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सोमवार को दिल्ली के तिलक नगर दौरे पर गए थे. इस दौरान ड्यूटी पर तैनात दिल्ली पुलिस का एक हेड कांस्टेबल सादी वर्दी में वीडियोग्राफी कर रहा था. आप समर्थकों की भारी भीड़ ने इस दौरान कांस्टेबल को घेर लिया और उसके साथ मारपीट की.

दरअसल सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत दिल्ली पुलिस आमतौर पर हर बड़े विरोध प्रदर्शन या राजनीतिक कार्यक्रम के दौरान स्थिति पर नजर रखने और रिकॉर्डिंग के लिए सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों को तैनात करती है.

मौके से एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें देखा जा सकता है कि आप विधायक और उनके समर्थक सादी वर्दी में मौजूद हेड कांस्टेबल पर टूट पड़े. पुलिसकर्मियों ने किसी तरह बीच-बचाव करके कांस्टेबल को भीड़ से निकाला और उसे सुरक्षित वहां से ले गए.

घायल हेड कांस्टेबल का मेडिकल टेस्ट करवाया गया है ताकि चोटों की पुष्टि हो सके. इस हाई-प्रोफाइल मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सख्त कार्रवाई की. इस मामले में सौरभ भारद्वाज, आप विधायक जरनैल सिंह और साहिब सिंह के खिलाफ FIR दर्ज हो गई है. केस में कई अज्ञात लोगों का नाम भी शामिल है.

FIR में दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल के साथ मारपीट करने और सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप है. हेड कांस्टेबल के मुताबिक, उन्होंने बताया था कि वो पुलिस वाले हैं, जिसके बाद उन्हें रोका गया और उनके साथ मारपीट की गई.

वहीं, इस मामले पर अब तक अरविंद केजरीवाल या आम आदमी की सफाई सामने नहीं आई है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments