चतुरसिंह चार रास्ता के पास से फर्दीन सैयद 3 किलो से अधिक गांजे के साथ क्राइम के शिकंजे में, फखरूद्दीन उर्फ टकला का नाम आया सामने
पहले भी सॉल्यूशन ट्यूब बेचने के मामले में पकड़ा जा चुका आरोपी नशे के कारोबार में सक्रिय होने का बड़ा खुलासा
अहमदाबाद: अहमदाबाद शहर अब असामाजिक तत्वों और नशे के सौदागरों के लिए सुरक्षित गढ़ नहीं रहा है, क्योंकि खाकी वर्दी ने ड्रग्स माफियाओं के खिलाफ आर-पार की लड़ाई शुरू कर दी है। शहर के संवेदनशील माने जाने वाले गोमतीपुर इलाके से पुलिस ने एक ऐसे शख्स को दबोच लिया है, जो बिना नंबर प्लेट वाले वाहन में बेखौफ होकर गांजे के जखीरे की तस्करी कर रहा था। गोमतीपुर पुलिस स्टेशन की टीम द्वारा खुफिया सूचना के आधार पर की गई इस सटीक कार्रवाई से नशे के कारोबारियों में भारी हड़कंप मच गया है।
कैसे पकड़ा गया नशे का सौदागर?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोमतीपुर पुलिस जब गश्त और चेकिंग पर थी, तभी चतुरसिंह चार रास्ता के पास से एक संदिग्ध बिना नंबर प्लेट की बर्गमैन (Burgman) गाड़ी गुजर रही थी। पुलिस ने तुरंत गाड़ी को रोककर उसकी सघन तलाशी ली। गाड़ी के चालक फर्दीन सैयद नामक शख्स से पूछताछ कर जब स्कूटर की डिक्की खोलकर जांच की गई, तो पुलिस भी हैरान रह गई। डिक्की से लगभग डेढ़ लाख रुपए की कीमत का 3 किलो से ज्यादा वजन का गांजे का जत्था बरामद हुआ।
कौन है फखरूद्दीन उर्फ टकला? बड़ा खुलासा!
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में पकड़े गए आरोपी फर्दीन सैयद ने सनसनीखेज खुलासे करते हुए बताया कि उसने यह गांजा गोमतीपुर के ही मदनी मोहल्ला में रहने वाले फखरूद्दीन उर्फ टकला नाम के शख्स से खरीदा था और वह खुद भी इस तरह की अवैध बिक्री में शामिल था। इस नेटवर्क के तार कहां-कहां तक जुड़े हैं, इसका पता लगाने के लिए पुलिस ने जांच का दायरा और तेज कर दिया है।
पहले भी सॉल्यूशन ट्यूब केस में पकड़ा जा चुका है आरोपी
सूत्रों के मुताबिक, पकड़े गए आरोपी फर्दीन सैयद का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। इससे पहले वह SOG द्वारा सॉल्यूशन ट्यूब (नशीले पदार्थ) के अवैध बिक्री के मामले में कानून के शिकंजे में आ चुका है। जेल की हवा खाने के बाद भी उसकी आदतों में कोई सुधार नहीं हुआ और वह और बड़े नशे के कारोबार में संलिप्त हो गया। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज कर मुख्य सप्लायर को धर दबोचने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।

