सुंदर नगरी में प्रॉपर्टी और मुर्गा मार्केट की दुकान को लेकर चल रहे विवाद में 28 वर्षीय मोहम्मद अली की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने 12 घंटे के भीतर आरोपी नसीरुद्दीन और उसके बेटे जावेद को गिरफ्तार कर चाकू समेत अन्य हथियार बरामद किए है।
नई दिल्ली: सुंदर नगरी इलाके में प्रॉपर्टी विवाद के चलते एक शख्स पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक बाप-बेटे ने अपने मोहम्मद अली (28) पर चाकुओं से हमला किया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। नंद नगरी पुलिस ने 12 घंटे के अंदर आरोपी नसीरुद्दीन (71) और उसके बेटे जावेद (26) को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया गया। नसीरुद्दीन के घर से कई चाकू, तलवार और दूसरे हथियार भी पुलिस को मिले हैं। परिवार में मुर्गा मार्केट की कपड़े की दुकान को लेकर विवाद था।
डीसीपी राहुल अलवाल ने बताया कि 12 और 13 सितंबर की दरमियानी रात करीब 1:43 बजे पुलिस को सुंदर नगरी के एच-ब्लॉक में झगड़े की जानकारी मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन घायल को परिजन जीटीबी अस्पताल ले जा चुके थे। वहां अली की मौत हो गई।
आरोपियों के घर से तलवार और दूसरे हथियार भी मिले
अली मकान गली नंबर 2, सुंदर नगरी में परिवार के साथ रहते थे। उनके परिवार में माता-पिता, छोटा भाई तालिब और पत्नी हैं। अली की पत्नी ने बताया कि वह पहली मंजिल पर रहती थीं और उनके ताऊ नसीरुद्दीन दो बेटों के साथ ग्राउंड फ्लोर पर रहते हैं।
आरोप है कि रात करीब 1 बजे अली फ्रिज से पानी की बोतल लेने नीचे गए थे। जावेद ने गेट नहीं खोला, जिस पर दोनों में कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर नसीरुद्दीन ने कथित तौर पर अली को पकड़ लिया और जावेद ने चाकू से कई वार कर दिए। दोनों मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की। 13 सितंबर को हत्या का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने सुराग जुटाकर कुछ ही घंटों में दोनों को गिरफ्तार कर लिया। नसीरुद्दीन और अली के पिता जुमादीन के बीच संपत्ति को लेकर पहले से विवाद था।
‘मकान पर भी कब्जा करना चाहते थे दोनों आरोपी’
तालिब ने बताया कि 8 महीने से चाचा नसीरुद्दीन से विवाद चल रहा था। पहले भी बाप-बेटे ने अली से मारपीट की थी। पहली मंजिल पर उनका परिवार और ग्राउंड फ्लोर पर नसीरुद्दीन का परिवार रहता है। आरोप है कि आरोपी दुकान के अलावा पूरे मकान पर भी कब्जा करना चाहते थे। अली की पत्नी ने भी अपने ससुर, देवर और खुद की जान को खतरा बताया है।

