Homeभारतदिल्लीगांधीनगर में फैक्ट्री की छत से गिरकर युवक की मौत, हत्या या...

गांधीनगर में फैक्ट्री की छत से गिरकर युवक की मौत, हत्या या हादसा की जांच में जुटी पुलिस

शाहदरा के गांधीनगर इलाके में रविवार सुबह कपड़ा फैक्ट्री में काम करने वाले 30 वर्षीय दीपक का शव सड़क पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला।

नई दिल्ली: राजधानी में शाहदरा जिले के गांधीनगर इलाके में रविवार सुबह एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में छत से गिरकर मौत हो गई। घटना नामदेव गली की बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार पुलिस को रविवार सुबह 5:20 बजे सूचना मिली कि एक युवक सड़क पर नग्न अवस्था में पड़ा है और उसके सिर से खून बह रहा है। सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

युवक के शरीर पर चोट के निशान

पुलिस के अनुसार, सड़क पर पड़े युवक के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पुलिस के अलावा क्राइम टीम और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक की मौत छत से दुर्घटनावश गिरने के कारण हुई या उसे किसी ने धक्का देकर नीचे गिराया।

बिहार का रहने वाला था मृतक

मृतक की पहचान 30 वर्षीय दीपक के रूप में हुई है। वह मूल रूप से किशनगंज, बिहार का रहने वाला था। परिजनों के मुताबिक दीपक पिछले करीब दो वर्षों से गांधीनगर इलाके में स्थित एक कपड़ा फैक्ट्री में काम कर रहा था। वह शादीशुदा था।

पुलिस के आने के बाद मिली सूचना

परिजनों को घटना की जानकारी उस समय मिली, जब पुलिस ने सुबह फैक्ट्री खुलवाई। मृतक के जीजा के भाई निरंजन कुमार सिंह ने बताया कि सुबह पुलिस की ओर से फैक्ट्री खुलवाए जाने के बाद उन्हें जानकारी मिली कि दीपक छत से गिर गया है और उसकी मौत हो गई है।

मौत के कारणों का पता लगा रही पुलिस

घटना के बाद इलाके में भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और फॉरेंसिक जांच के आधार पर पुलिस मौत की वजह का पता लगाने में जुटी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।

हर एंगल से मामले की जांच कर रही पुलिस

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वास्तविक वजह और शरीर पर आई चोटों की प्रकृति को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और घटनास्थल से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments