दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में एक तीन मंजिला इमारत अचानक ढह गई, मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। राहत एवं बचाव कार्य के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को एक तीन मंजिला इमारत भरभराकर ढह गई। जिसमें कई छात्रों के दबे होने की आशंका है। इमारत गिरने के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में फायर विभाग और दिल्ली पुलिस को सूचना दी गई। जबकि स्थानीय लोगों ने खुद ही मलबे को हटाकर बाहर निकालने का काम शुरू कर दिया।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, फायर विभाग को दोपहर करीब 1:30 बजे इमारत गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। दमकलकर्मी मलबा हटाकर संभावित रूप से फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं। स्थानीय लोग भी राहत एवं बचाव कार्य में मदद कर रहे हैं।
दो छात्रों का किया गया रेस्क्यू
जानकारी के मुताबिक, यह तीन मंजिला बिल्डिंग एक पीजी था। जिसमें कई सारे छात्रों हादसे के वक्त मौजूद थे, फिलहाल हादसे में किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं NDRF ने दो छात्रों को रेस्क्यू कर लिया है।
मलबे में अभी भी कई बच्चे दबे: अनिल शर्मा
घटना पर बीजेपी विधायक अनिल शर्मा ने कहा, ‘यह बहुत दुखद घटना है; इससे ज्यादा दिल तोड़ने वाली बात और क्या हो सकती है। यहां अलग-अलग जगहों से छात्र पढ़ने आते हैं और इस इमारत में पीजी में रहते हैं, यह इमारत गिर गई है।
उन्होंने कहा, सही संख्या बताना मुश्किल है कि पांच, दस या बीस छात्र हैं। लेकिन हमें पक्का पता है कि छात्र अंदर फंसे हुए हैं। NDRF और MCD ने दो छात्रों को पहले ही बचा लिया है। कुछ छात्र अंदर से फोन भी कर रहे हैं और ऐसा लगता है कि कुछ और लोग भी अंदर फंसे हैं, इसलिए बचाव कार्य जारी है। हम भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं ।

