Homeभारतउत्तरप्रदेश'स्कूल जाते समय चोट लगती, ड्रेस भी गंदी हो जाती', 7 साल...

‘स्कूल जाते समय चोट लगती, ड्रेस भी गंदी हो जाती’, 7 साल की समरा ने डीएम से लगाई सड़क बनवाने की गुहार

मऊ में नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 17 में सड़क की बदहाली की समस्या को लेकर सात वर्षीय छात्रा समरा नाज ने जिलाधिकारी से खराब सड़क की मरम्मत कराने की गुहार लगाई।

मऊ में नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 17 में सड़क की बदहाली की समस्या को लेकर सात वर्षीय छात्रा समरा नाज जिलाधिकारी कार्यालय पहुंच गई। पहली कक्षा में पढ़ने वाली बच्ची ने जिलाधिकारी से खराब सड़क की मरम्मत कराने की गुहार लगाई। मासूम बच्ची की फरियाद ने अधिकारियों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

समरा नाज ने जिलाधिकारी को बताया कि स्कूल जाते समय रास्ता बेहद खराब होने के कारण उसे आने-जाने में काफी दिक्कत होती है। खराब सड़क के चलते कई बार उसे चोट भी लग जाती है। वहीं, रास्ते की स्थिति के कारण उसकी स्कूल ड्रेस भी गंदी हो जाती है, जिसके चलते उसे स्कूल में डांट सुननी पड़ती है।

तत्काल कार्रवाई का भरोसा दिलाया

जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने बच्ची से बातचीत के दौरान पूछा कि वह स्कूल किस साधन से जाती है। इस पर समरा नाज़ ने बताया कि वह ऑटो से स्कूल जाती है, लेकिन सड़क खराब होने के कारण रास्ते में काफी परेशानी होती है। बच्ची ने डीएम से जल्द से जल्द सड़क ठीक कराने की अपील की। बच्ची की बात जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने बेहद गंभीरता से सुनी। उन्होंने समरा नाज़ से उसकी समस्या के बारे में जानकारी ली और तत्काल कार्रवाई का भरोसा दिलाया। डीएम ने कहा कि बच्ची की शिकायत के आधार पर सड़क की स्थिति की जांच कराई जाएगी।

जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने मीडिया को बताया कि सात वर्षीय बच्ची समरा नाज कक्षा एक में पढ़ती है, सड़क निर्माण को लेकर फरियाद लेकर उनके पास आई थी। उन्होंने बताया कि बच्ची वार्ड संख्या 17 की रहने वाली है और स्कूल जाने वाले रास्ते में करीब 25 मीटर का कच्चा एवं खराब मार्ग है, जिसे मरम्मत की आवश्यकता है।

डीएम ने कहा कि संबंधित अधिकारियों के माध्यम से सड़क की स्थिति को तुरंत चेक कराया जाएगा। जांच के बाद जो भी आवश्यक समाधान होगा, उसे शीघ्रता से कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह क्षेत्र नगर पालिका के अंतर्गत आता है और समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। समरा नाज नगर क्षेत्र स्थित डोंबासो स्कूल की छात्रा है। वह कक्षा पहली, सेक्शन-ए में पढ़ती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments