नाका थाने में तैनात दरोगा गोपेश शर्मा का वीडियो इंटरनेट पर आने के बाद उसे सस्पेंड कर दिया गया। वीडियो में वह टिफिन संचालक से मारपीट करता दिखा है।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शराब के नशे में धुत एक दरोगा ने रविवार को टिफिन संचालक के साथ गाली-गलौज, मारपीट और कार में तोड़फोड़ की थी। आरोपी दरोगा की पहचान नाका थाने में तैनात गोपेश शर्मा के रूप में हुई है। पीड़ित ने चलती कार में दरोगा की इस करतूत का वीडियो बनाया था। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी दरोगा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
बताया जाता है कि पीड़ित ने आरोपी दरोगा के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी थी, लेकिन दुबग्गा थाने की पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर जबरन सुलह करा दिया।
टिफिन सर्विस चलाते हैं राहुल
दुबग्गा के बरावन कलां के रहने वाले राहुल द्विवेदी ने बताया कि वह टिफिन सर्विस का संचालन करते हैं। दुबग्गा थाने में पूर्व तैनाती के दौरान दरोगा गोपेश शर्मा से उनका टिफिन के सिलसिले में संपर्क हुआ था। राहुल के मुताबिक, गोपेश आम्रपाली योजना में किराए पर रहते हैं। गत रविवार की सुबह करीब साढ़े 7 बजे दरोगा हाथ में शराब की बोतल लिए राहुल के घर पहुंचे और बताया कि उनका पत्नी और मकान मालकिन से विवाद हो गया है। इसमें समझौते के लिए उन्हें साथ चलना होगा। इसके बाद दरोगा अपनी बाइक वहीं छोड़कर राहुल की स्विफ्ट कार में बैठ गए और उन्हें यादव चौराहा, कुड़िया घाट व जेहटा लीलाखेड़ा की ओर ले गए।
पीड़ित के अनुसार, रास्ते भर दरोगा शराब पीता रहा और अपने पारिवारिक झगड़े का गुस्सा राहुल पर निकालने लगा। लीलाखेड़ा के पास जब राहुल कुछ देर के लिए गाड़ी से उतरे तो दरोगा ने पथराव कर कार को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया। इसके बाद जब राहुल उन्हें लेकर दुबग्गा थाने की ओर आ रहे थे, तब नशे में धुत गोपेश ने चलती कार में गाली-गलौज व मारपीट करते हुए पैर मारकर फ्रंट शीशा भी तोड़ दिया और राहुल के 15 हजार रुपये छीनकर फेंक दिए। राहुल ने गाड़ी चलाते हुए दारोगा की इस हरकत का वीडियो बना लिया और 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
थाने में समझौते के दबाव का आरोप
राहुल का आरोप है कि घटना के बाद जब वह दुबग्गा थाने शिकायत लेकर पहुंचे तो स्थानीय पुलिस ने उन पर जबरन समझौते का दबाव बनाया। मामले में दोनों पक्षों में समझौता हो भी गया, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के चलते आला अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया। एडीसीपी पश्चिमी धनंजय सिंह कुशवाहा ने बताया कि दरोगा गोपेश शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पूरे प्रकरण की विभागीय जांच कराई जा रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी दरोगा ने बीमारी के अवकाश के बाद शनिवार को ही नाका थाने में आमद कराई थी।

