शादी का रिश्ता टूटा तो नाराज युवक ने खौफनाक कदम उठा लिया. हापुड़ में देर रात एक युवक पर आरोप है कि वह दीवार फांदकर घर में घुसा और सो रही दो सगी बहनों पर तेजाब फेंककर फरार हो गया. दोनों बहनें गंभीर रूप से झुलस गईं और उन्हें मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने नामजद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
यूपी के हापुड़ में रात के सन्नाटे में एक घर के अंदर ऐसा हमला हुआ, जिसने लोगों को सन्न कर दिया. दो सगी बहनें घर में सो रही थीं. तभी एक युवक दीवार फांदकर घर में घुसा और दोनों पर तेजाब फेंक दिया. दोनों बहनें गंभीर रूप से झुलस गईं. उन्हें इलाज के लिए मेरठ मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
मामला हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव का है. परिजनों के मुताबिक, परिवार ने अपनी एक बेटी का रिश्ता हापुड़ के आवास विकास इलाके के रहने वाले युवक हर्ष भाटी से तय किया था. बाद में परिवार को पता चला कि युवक नशा करता है. इसके बाद परिवार ने शादी का रिश्ता तोड़ दिया. परिजनों का आरोप है कि इसी बात से हर्ष नाराज था.
मर्दों को गालियां और टॉर्चर देकर कमाती है लाखों! बोली- बहुतों का शादी टूटने से बचाई
देर रात वह कथित तौर पर दीवार फांदकर घर में दाखिल हुआ. उस वक्त दोनों बहनें सो रही थीं. आरोप है कि युवक ने दोनों पर तेजाब फेंका और वहां से फरार हो गया. तेजाब गिरते ही दोनों बहनें बुरी तरह झुलस गईं. घर में चीख-पुकार मच गई. परिवार के लोग उन्हें इलाज के लिए लेकर गए. हालत गंभीर होने के चलते दोनों को मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
घटना की सूचना मिलते ही सिंभावली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस के मुताबिक, डायल-112 के जरिए माधापुर गांव में दो युवतियों पर तेजाब डालने की सूचना मिली थी. पुलिस ने दोनों का मेडिकल कराया. परिजनों की ओर से दी गई तहरीर में शादी का रिश्ता तय होने और बाद में टूटने की बात बताई गई है.
सिंभावली थाना प्रभारी अरविंद चौधरी ने बताया कि आरोपी युवक हर्ष को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. मामले में जरूरी कार्रवाई की जा रही है.
सीओ राहुल यादव ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक युवक ने 2 युवतियों पर तेजाब डाल दिया है. पुलिस ने घायल युवतियों का मेडिकल कराया है. परिजनों ने बताया कि युवती का युवक के साथ रिश्ता तय था, बाद में टूट गया था. तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है. नामजद आरोपी को हिरासत में लेकर कार्रवाई की जा रही है.
अब पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है कि आरोपी घर में कैसे दाखिल हुआ, हमले में इस्तेमाल पदार्थ कहां से आया और पूरा घटनाक्रम क्या था. फिलहाल दोनों बहनों का इलाज मेरठ मेडिकल कॉलेज में चल रहा है. परिवार के लिए इस वक्त सबसे बड़ी चिंता उनकी हालत है. एक शादी का रिश्ता तय हुआ. फिर परिवार ने रिश्ता तोड़ दिया. इसी नाराजगी में युवक रात के अंधेरे में घर में घुसा और सो रही दो बहनों पर तेजाब फेंक दिया. अब पुलिस इस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ रही है.

