Homeभारतउत्तरप्रदेशमंदिर में फेरे हुए, फिर गांव पहुंचते ही दुल्हन हो गई फरार......

मंदिर में फेरे हुए, फिर गांव पहुंचते ही दुल्हन हो गई फरार… मथुरा में शादी के नाम पर युवक के साथ हो गया खेल!

शादी के लिए मंदिर पहुंचा दूल्हा, सामने दुल्हन थी और आसपास रिश्तेदार बने लोग. मंत्र पढ़े गए, शादी हुई और दूल्हा खुशी-खुशी दुल्हन को लेकर गांव लौट आया. लेकिन कुछ ही देर में कहानी ऐसी पलटी कि दुल्हन ही गायब हो गई. आरोप है कि शादी के नाम पर दूल्हे से 1.15 लाख रुपये लिए गए थे. अब मथुरा पुलिस ने आरोपी दुल्हन समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है.

शादी का सपना लेकर चंद्रभान मंदिर पहुंचा था. सामने एक लड़की थी, साथ में शादी के गवाह बने कुछ लोग थे. मंदिर में शादी हुई और चंद्रभान दुल्हन को लेकर अपने गांव लौट आया. लेकिन शादी की खुशी ज्यादा देर नहीं टिकी. आरोप है कि गांव पहुंचने के बाद दुल्हन अपने साथियों के साथ फरार हो गई. अब पुलिस ने इस कथित लुटेरी दुल्हन समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. मामला मथुरा के सुरीर कोतवाली थाना क्षेत्र का है.

कहानी नगला जय सिंह गांव के रहने वाले चंद्रभान की है. पुलिस के मुताबिक, चंद्रभान की शादी कराने के नाम पर उसके रिश्तेदार सुंदर ने उससे 1 लाख 15 हजार रुपये लिए थे. इसके बाद सुंदर उसे अलीगढ़ के एक मंदिर में ले गया. वहां एक लड़की से चंद्रभान की शादी कराई गई. शादी में कुछ लोग रिश्तेदार बनकर मौजूद थे. पुलिस के मुताबिक, रविंद्र भाटी को लड़की का चाचा और दिनेश भाटी को उसका भाई बताया गया था.

शादी के 10 दिन बाद लुटेरी दुल्हन फरार, ढाई लाख रुपये लेकर रचाया था ब्याह

शादी की रस्में पूरी हुईं और चंद्रभान दुल्हन को लेकर अपने गांव आ गया. लेकिन इसके बाद कहानी में अचानक ट्विस्ट आया. पुलिस के मुताबिक, गांव पहुंचने के बाद दुल्हन अपने साथी इरफान और सुंदर के साथ वहां से चली गई. चंद्रभान को जब मामला समझ आया तो उसने पुलिस से शिकायत की.

शिकायत के आधार पर पुलिस ने शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह की जांच शुरू की. पुलिस का आरोप है कि शादी के नाम पर चंद्रभान से 99 हजार रुपये ऑनलाइन UPI के जरिए और 16 हजार रुपये कैश लिए गए थे. कुल रकम करीब 1.15 लाख रुपये बताई जा रही है.

जांच आगे बढ़ी तो पुलिस ने दुल्हन समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार किए गए लोगों में सुंदर, इरफान और वह महिला शामिल है, जिससे चंद्रभान की शादी कराई गई थी. पुलिस के मुताबिक, इस मामले में गिरोह के कुछ और लोग भी शामिल हो सकते हैं. उनकी तलाश की जा रही है.

मांट के CO अमर नाथ ने बताया कि शादी कराने के नाम पर झांसा देकर ठगी करने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इनमें आरोपी दुल्हन भी शामिल है. बाकी आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या इस गिरोह ने इसी तरह और लोगों को भी अपना शिकार बनाया है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments