यूपी के बरेली में अस्पताल की चौथी मंजिल पर अचानक आग लग गई। फायर ब्रिगेड ने घंटों मेहनत के बाद आग पर काबू पा लिया है।
यूपी के बरेली स्थित नवोदय अस्पताल में शनिवार सुबह आग लग गई। आग की लपटें देखकर मरीजों और तीमारदारों में दहशत फैल गई। लोग नवजात बच्चों को लेकर बिल्डिंग से बाहर भागने लगे।
पुलिस ने बताया कि अस्पताल की चौथी मंजिल पर शॉर्ट सर्किट से लगी आग पर फायर ब्रिगेड ने पूरी तरह से काबू पा लिया है। सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरी जगह पर शिफ्ट कर दिया गया है। इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। स्थिति सामान्य है।
शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
इज्जतनगर इलाके में स्थित इस अस्पताल के चौथे मंजिल पर इत्तेफाक से कोई मरीज नहीं था। हालांकि नीचे की मंजिलों पर मौजूद मरीजों को सुरक्षित दूसरी जगह पर शिफ्ट कर दिया गया है। एसी में शार्ट सर्किट की वजह से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
भगदड़ जैसे हालात बने
अस्पताल कर्मचारियों ने अलग अलग वार्ड में भर्ती मरीजों को सुरक्षित जगह पर पहुंचाया। मरीजों और तीमारदारों के एक साथ बाहर आने की वजह से अस्पताल परिसर में काफी भीड़ जमा हो गई। कुछ समय तक मौके पर भगदड़ जैसे हालात नजर आए। हालांकि समय रहते सभी को बाहर निकाल लिए जाने से अनहोनी होने से टल गई।
मिनी बाईपास रोड पर लगा लंबा जाम
अस्पताल में आग लगने की खबर फैलने पर इलाके के लोग भी उधर आने लगे। इसकी वजह से मिनी बाईपास रोड पर वाहनों का लंबा जाम लग गया। कई लोग अपने वाहन सड़क किनारे खड़ा कर अस्पताल में जाने लगे। यह देखकर पुलिस मौके पर आई और यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया।
क्या बोले अग्निशमन अधिकारी
अग्निशमन अफसर संजीव कुमार ने बताया कि शुरुआत तौर पर आग एसी में शार्ट सर्किट की वजह से लगने की आशंका जताई जा रही है। घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

