यूपी के फतेहपुर में लेखपाल पर चप्पल से हमला करने का मामला सामने आया है. दरअसल, ग्रामीणों की शिकायत पर सरकारी नाले को कब्जा मुक्त कराने के लिए लेखपाल मौके पर पहुंचे थे. इस दौरान महिलाओं ने चप्पलों से हमला कर दिया. इस घटना का वीडियो वायरल है. जिसमें महिलाएं लेखपाल को जान से मारने की धमकी देते हुए कहती हैं कि जेल भिजवाकर नौकरी ले लूंगी.
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर से एक वीडियो सामने आया है. इसमें दो महिलाएं एक लेखपाल से बहस करती और कथित तौर पर चप्पलों से हमला करती दिखाई दे रही हैं. मामला सरकारी नाले से अतिक्रमण हटाने का है. आरोप है कि कार्रवाई के लिए पहुंचे लेखपाल को महिलाओं ने धमकी भी दी. एक महिला वीडियो में कहती सुनाई दे रही है- ‘जेल भिजवा दूंगी, नौकरी ले लूंगी.’ अब इस मामले में पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.
मामला फतेहपुर की सदर तहसील क्षेत्र के घनश्यामपुर गांव का है. यहां के लेखपाल आकाश कुमार को एक शिकायत के बाद मौके पर भेजा गया था. शिकायत सरकारी नाले पर कब्जे से जुड़ी थी. बताया गया कि थाना दिवस में बहलोलपुर गांव में करीब 25 साल पुराने नाले पर अतिक्रमण की शिकायत मिली थी. शिकायत के मुताबिक, नाले की जमीन पर कब्जा किया गया था. जमीन को वृक्षारोपण के लिए दर्ज गाटा संख्या 488 का हिस्सा बताया गया है.
शिकायत के निस्तारण के लिए लेखपाल आकाश कुमार मौके पर पहुंचे. आरोप है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू होते ही वहां मौजूद सुमन पटेल और प्रीति सिंह ने इसका विरोध किया. विरोध धीरे-धीरे विवाद में बदल गया. आरोप है कि दोनों महिलाओं ने लेखपाल के साथ अभद्रता की और फिर चप्पलों से हमला कर दिया.
घटना का वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में महिलाएं लेखपाल के साथ बहस और कथित तौर पर मारपीट करती नजर आ रही हैं. इसी दौरान धमकी देने की बात भी सामने आई. वीडियो में एक महिला कथित तौर पर कहती सुनाई दे रही है कि वह लेखपाल को जेल भिजवा देगी और उसकी नौकरी तक ले लेगी. घटना के बाद लेखपाल आकाश कुमार ने पुलिस को शिकायत दी. उनकी तहरीर पर पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया.
पुलिस ने सुमन पटेल और प्रीति सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है. अब पुलिस वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है. घटना के दौरान आखिर क्या हुआ, किसने किसे उकसाया और सरकारी कार्रवाई के दौरान विवाद किस तरह बढ़ा, पुलिस इन तमाम पहलुओं की पड़ताल कर रही है. फिलहाल इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.

