गाजियाबाद की लैंडक्राफ्ट सोसायटी में एक युवक की संदिग्ध मौत हो गई। युवक 28 मंजिल ऊंची बिल्डिंग में गया और लिफ्ट से 25वीं मंजिल पर निकला। बाद में वह कहां गया और बिल्डिंग से नीचे कैसे गिरा? यह आत्महत्या है या हत्या? पुलिस इस गु्त्थी को सुलझाने में जुटी है। युवक की फिलहाल पहचान नहीं हो सकी है।
गाजियाबाद : एनएच-9 स्थित गोल्फ लिंक्स टाउनशिप की लैंडक्राफ्ट सोसायटी में बुधवार को सुबह करीब नौ बजे उस समय सनसनी फैल गई जब टावर नंबर 2ए के पीछे एक युवक नीचे गिरा मिला। करीब 18 से 20 साल के युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि युवक घटना से पहले लिफ्ट के जरिए टावर की 25वीं मंजिल तक पहुंचा था।
आवासीय सोसायटी में मचा हड़कंप
युवक के नीचे गिरने की सूचना मिलते ही सोसायटी के सुरक्षा कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सिक्योरिटी स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत बताया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ युवक की पहचान करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। एओए अध्यक्ष दिव्या गर्ग ने बताया कि अभी यह पता नहीं चला है कि युवक सोसायटी का निवासी था या किसी फ्लैट में किसी से मिलने के लिए बाहर से आया था।
25वीं मंजिल पर कहां गया था युवक?
मामले की जांच में पुलिस ने टावर नंबर 2ए की लिफ्ट और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली है। फुटेज में युवक लिफ्ट से 25वीं मंजिल तक जाता दिखाई दिया है। टावर में कुल 28 मंजिल बताई गई हैं। 25वीं मंजिल तक पहुंचने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने उस फ्लोर के साथ टावर के दूसरे हिस्सों के फुटेज भी खंगालने शुरू कर दिए हैं।
युवक बिल्डिंग से नीचे कैसे गिरा?
सीसीटीवी में युवक के 25वीं मंजिल तक पहुंचने की जानकारी तो सामने आ गई, लेकिन इसके बाद उसकी गतिविधियां अभी स्पष्ट नहीं हुई हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि 25वीं मंजिल से युवक किस दिशा में गया, वह वहां कितनी देर रुका और टावर के पीछे किस स्थान से नीचे गिरा। यह भी जांच की जा रही है कि उस दौरान उसके साथ कोई दूसरा व्यक्ति मौजूद था या नहीं।
पुलिस सोसायटी के प्रवेश और निकास से लेकर टावर की अलग-अलग मंजिलों पर लगे कैमरों के फुटेज देख रही है। युवक की पहचान होने के बाद उसके सोसायटी आने की वजह और घटना से पहले की गतिविधियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस मौत की परिस्थितियों की जांच कर रही है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की कड़ियां जोड़ रही है।

