भोपाल के दानापानी इलाके में शराब पीने से रोकने पर आरोपियों ने एक कॉन्स्टेबल का अपहरण कर लिया। इसके बाद शहर में गाड़ी से घूमाते रहे। कॉन्स्टेबल डीबी मॉल के पास किसी तरह से कूदकर अपनी जान बचाई है। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
हाइलाइट्स
भोपाल के शाहपुरा इलाके से शराबियों ने कॉन्स्टेबल का किया अपहरण
उनकी गाड़ी में बैठकर आरोपियों को थाने चलने को कहा कॉन्स्टेबल
आरोपी गाड़ी थाने न ले जाकर शहर में दौड़ा दी
कॉन्स्टेबल ने डीबी मॉल के पास कूदकर अपनी जान बचाई
भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। शाहपुरा थाना क्षेत्र के दानापानी इलाके में शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात एक कॉन्स्टेबल गश्त पर था। इसी दौरान खुले में शराब पी रहे युवकों को उसने रोका तो आरोपियों ने उन्हें किडनैप कर लिया। साथ ही शहर में पूरी रात घुमाते रहे हैं
शहर में दौड़ा दी कार
मिली जानकारी के अनुसार कॉन्स्टेबल सुंदरम पटेल आरोपियों को शाहपुरा थाने ले जाने के लिए उनकी इनोवा कार में सवार हुए। आरोपियों ने अपनी कार थाने ले जाने की जगह शहर में दौड़ा दी। इसके बाद कॉन्स्टेबल को आरोपी देर रात तक शहर में घुमाते रहे। चलती कार में आरोपियों ने कॉन्स्टेबल सुंदरम के साथ मारपीट भी की और जान से मारने की धमकी दी।
गाड़ी से कूदकर बचाई जान
पीड़ित कॉन्स्टेबल ने किसी तरह से डीबी मॉल के सामने गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई है। इसके बाद थाने जाकर उसने आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है।
दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी भूपेंद्र शर्मा और ऋषि नामदेव को गिरफ्तार कर लिया है। भूपेंद्र के खिलाफ विदिशा के गंजबासौदा में पहले से हत्या के केस दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों को कोर्ट में पेशी के बाद जेल भेज दिया है।
गौरतलब है कि इस घटना के बाद कई सवाल उठ रहे हैं। शहर में अधिकांश शराब दुकानों के बाहर शराबियों की रात में भीड़ उमड़ती है। कई लोग रात में गाड़ी पार्क कर शराब का सेवन करते हैं। लेकिन पुलिस कोई ठोस कार्रवाई नहीं करती है।

