झाबुआ विधायक डॉ विक्रांत भूरिया ने हादसे में घायल एक महिला की जान बचाई है। उन्होंने पहले महिला को अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद उन्होंने खुद ही उसका इलाज भी किया है।
हाइलाइट्स
झाबुआ से कांग्रेस विधायक डॉ विक्रांत भूरिया ने मरीज की बचाई जान
सड़क किनारे तड़प रही थी हादसे में घायल महिला
विधायक ने अपनी गाड़ी से उठाकर अस्पताल पहुंचाया
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विधायक ने खुद ही किया इलाज
मध्य प्रदेश के झाबुआ से डॉ विक्रांत भूरिया कांग्रेस के विधायक हैं। साथ ही आदिवासी कांग्रेस के वह राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। विधायक के साथ विक्रांत भूरिया एक डॉक्टर भी हैं। उन्होंने एक बार फिर से इसका परिचय दिया है। रास्ते में घायल पड़ी महिला को उन्होंने न सिर्फ अस्पताल पहुंचाया बल्कि इलाज भी खुद ही किया है।
ये है मामला
दरअसल,झाबुआ से कांग्रेस विधायक डॉ विक्रांत भूरिया अपनी कार से कल्याणपुर क्षेत्र के दौरे पर जा रहे थे। रास्ते में बावड़िया गांव के समीप एक सड़क हादसे में महिला शांति मेड़ा घायल पड़ी हुई थी। यह देखकर विधायक डॉ विक्रांत भूरिया ने तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाई। इसके बाद घायल शांति मेड़ा के पास विधायक पहुंचे।
अपनी गाड़ी से अस्पताल ले गए
घायल महिला के सिर से खून निकल रहा था। विधायक विक्रांत भूरिया गए और लोगों की मदद से तुरंत अपनी गाड़ी में लेकर उन्हें अपने साथ अस्पताल गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जब विधायक पहुंचे तो वहां कोई ड्रेसर नहीं था।
खुद ही करने लगे इलाज
डॉ विक्रांत भूरिया खुद भी एक सर्जन हैं। उन्होंने अस्पताल में घायल महिला की ड्रेसिंग खुद ही शुरू कर दी है। महिला के सिर पर मल्हम पट्टी किया है। साथ ही सिर में सात टांके लगाए। इसके बाद महिला ने राहत महसूस की है।
अस्पताल की खुली पोल
इस दौरान सरकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की पोल भी खुल गई है। वहां कई महीनों से एक्सरे मशीन का उपयोग नहीं हुई था। अस्पताल में फार्मासिस्ट और ड्रेसर भी नहीं है।
फ्लाइट में बचा चुके हैं यात्री की जान
डॉ विक्रांत भूरिया पेशे से डॉक्टर हैं। उन्होंने इंदौर स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस और एमवाय अस्पताल से एमएस की है। साथ ही गोल्ड मेडलिस्ट भी रहे हैं। इससे पहले डॉ विक्रांत भूरिया फ्लाइट में भी एक यात्री की जान बचा चुके हैं। उन्हें हार्ट अटैक आया था, भूरिया उसी फ्लाइट में सफर कर रहे थे। उन्होंने तुरंत उनकी मदद की थी।

