Homeभारतमध्यप्रदेशMP में 20 IAS अफसरों का तबादला, नीरज मंडलोई को मिली ग्लोबल...

MP में 20 IAS अफसरों का तबादला, नीरज मंडलोई को मिली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 की जिम्मेदारी

मध्य प्रदेश में नए मुख्य सचिव अशोक बर्नवाल के कार्यभार संभालने के बाद बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है. सरकार ने देर रात 20 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर नई जिम्मेदारियों का आदेश जारी किया. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) नीरज मंडलोई को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) 2027 की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

मुख्य सचिव बदले… और उसके कुछ ही घंटों बाद पूरी अफसरशाही में हलचल मच गई. मध्य प्रदेश सरकार ने देर रात 20 आईएएस अधिकारियों के तबादले करने के साथ नई जिम्मेदारियों की सूची जारी कर दी. सबसे ज्यादा चर्चा जिस नाम की है, वह है मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के अतिरिक्त मुख्य सचिव नीरज मंडलोई. उन्हें अब सिर्फ मुख्यमंत्री सचिवालय ही नहीं, बल्कि उद्योग, MSME विभाग और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) 2027 जैसे अहम आयोजन की जिम्मेदारी भी सौंप दी गई है.

नीरज मंडलोई मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) हैं. अब उनके कंधों पर एक और बड़ी जिम्मेदारी डाल दी गई है. सरकार ने उन्हें उद्योग और MSME विभाग की कमान सौंपते हुए ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 के आयोजन की जिम्मेदारी भी दे दी है. यानी आने वाले वर्षों में मध्य प्रदेश में निवेश लाने की सबसे बड़ी कवायद अब मंडलोई की निगरानी में होगी.

इस फेरबदल में कई बड़े विभागों के प्रमुख बदल गए. राघवेंद्र सिंह अब उद्योग विभाग छोड़कर वन विभाग के प्रमुख सचिव बनाए गए हैं. संदीप यादव को जल संसाधन विभाग में भेजा गया है. अब उनके पास केन-बेतवा और पार्वती-कालीसिंध जैसी अहम नदी जोड़ो परियोजनाओं की जिम्मेदारी होगी. ई. रमेश कुमार को राजस्व विभाग के साथ नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण (NVDA) का अतिरिक्त प्रभार मिला है.

राज्य के वरिष्ठतम आईएएस अधिकारियों में शामिल डॉ. राजेश राजौरा को आरसीपीवी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी का महानिदेशक बनाया गया है. सुखवीर सिंह को लोक निर्माण विभाग के साथ स्वास्थ्य, परिवार कल्याण और चिकित्सा शिक्षा विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी मिल गई है.

इंदौर से लेकर रतलाम तक कई जिलों में बदलाव

तबादलों का असर सिर्फ मंत्रालय तक सीमित नहीं रहा. कई जिलों में कलेक्टर और संभागायुक्त भी बदल दिए गए. भास्कर लक्ष्याकर इंदौर के नए संभागायुक्त होंगे. अजय काटेसरिया को रतलाम का कलेक्टर बनाया गया है. रत्नाकर झा अनुपपुर के नए कलेक्टर होंगे. मिशा सिंह अब शहडोल की कलेक्टर हैं. दिव्यांक सिंह को मंदसौर की जिम्मेदारी मिली है. गुरु प्रसाद को खरगोन का कलेक्टर बनाया गया, जबकि शेर सिंह मीणा अब आगर मालवा के नए कलेक्टर होंगे.

इसके अलावा अदिति गर्ग, प्रीति यादव, हर्षल पंचोली, केदार सिंह, सिद्धार्थ जैन, हिमांशु प्रजापति, जॉन किंग्सले एआर, सचिन सिन्हा और कई अन्य अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है.

यह पूरा फेरबदल ऐसे समय हुआ है, जब अशोक बर्नवाल ने हाल ही में मध्य प्रदेश के नए मुख्य सचिव का पद संभाला है. माना जा रहा है कि सरकार प्रशासनिक मशीनरी को नए सिरे से व्यवस्थित करना चाहती है. आने वाले समय में निवेश, उद्योग, बुनियादी ढांचा, जल परियोजनाएं और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों पर सरकार का खास फोकस रहेगा. इसी वजह से इन विभागों में अनुभवी अधिकारियों की नई तैनाती की गई है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments