दिल्ली के आंबेडकर नगर इलाके में फूड डिलिवरी विवाद ने 15 वर्षीय कृष्ण रोशन की जान ले ली। आरोपियों ने कहासुनी के बाद चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने सीसीटीवी और जांच के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया।
नई दिल्ली: साउथ डिस्ट्रिक्ट के आंबेडकर नगर इलाके में फूड डिलिवरी को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद एक युवक की जान ले बैठा। आरोपी ने कृष्ण रोशन (15) की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीसीपी अनंत मित्तल के अनुसार पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल कर आरोपियों की पहचान कर दो को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया।
पुलिस के मुताबिक, 10 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे अंबेडकर नगर थाने में पीसीआर कॉल के जरिए चाकूबाजी की सूचना मिली। पुलिस ने घायल कृष्ण रोशन को एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
फूड डिलीवरी को लेकर हुआ था विवाद
डीसीपी अनंत मित्तल के अनुसार, लोगों से पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। हत्या के पीछे कोई बड़ी आपराधिक साजिश नहीं, बल्कि फूड डिलिवरी के दौरान सामान नहीं मिलने को लेकर उपजा विवाद था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों के मन में इस बात को लेकर पहले से नाराजगी थी कि उन्हें तय सामग्री की डिलिवरी नहीं मिली थी। इसे लेकर उन्होंने कृष्ण रोशन को रोककर बहस शुरू कर दी। कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई और आरोपियों ने युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। कृष्ण रोशन को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
पुलिस ने बरामद किया चाकू
पुलिस ने उनके ठिकानों पर दबिश दी और जहांपनाह सिटी फॉरेस्ट से दोनों को पकड़ लिया। इनकी पहचान राहुल उर्फ धोबी और राहुल तोमर उर्फ मोटा के रूप में हुई है। दोनों दक्षिणपुरी के सुभाष कैंप के रहने वाले हैं। उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया गया।
पिता की कर रहा था मदद
मृतक के परिवार वालों के अनुसार कृष्ण की तीन बहनें है। हाल ही में उसने 12वीं क्लास पास की थी। पिता की सहायता के लिए वह फूड डिलिवरी का काम कर रहा था। परिवार का आरोप है कि रोशन के साथ लूटपाट भी की गई है। परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त ऐक्शन लेने की गुहार लगाई है।

