बांदा में बेटी के प्रेम विवाह का लगातार विरोध कर रही मां की उसके दामाद ने धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
उत्तरप्रदेश के बांदा में बिसंडा थाना क्षेत्र के कोर्रही गांव में प्रेम विवाह का विरोध एक महिला की हत्या का कारण बन गया। बेटी के प्रेम विवाह का लगातार विरोध कर रही मां की उसके दामाद ने धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, कोर्रही गांव निवासी बानो (46) पत्नी स्वर्गीय राजू की बेटी आलिया का गांव के ही लवकुश वर्मा पुत्र लक्ष्मी से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बानो इस रिश्ते के खिलाफ थी और बेटी को लगातार समझाती रही कि वह लवकुश से शादी न करे। इसके बावजूद आलिया ने अपनी मर्जी से लवकुश से विवाह कर लिया।
दहशत का माहौल
बताया जा रहा है कि विवाह के बाद भी बानो इस रिश्ते का विरोध करती रही। इसी बात से नाराज होकर शनिवार देर शाम लवकुश ने धारदार हथियार से बानो पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
तीनों आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए गए। क्षेत्राधिकारी सदर सौरभ सिंह ने बताया कि 11 जुलाई को थाना बिसंडा पुलिस को कोर्रही गांव में महिला की हत्या की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतका की बालिग बेटी ने गांव के ही युवक से प्रेम विवाह किया था, जिसका महिला विरोध कर रही थी। इसी रंजिश में युवक ने धारदार हथियार से हमला कर महिला की हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि परिजनों की तहरीर पर में मुकदमा दर्ज कर नामजद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

