Homeभारतदिल्लीदिल्ली से गुरुग्राम तक झमाझम बारिश, तेज हवाओं ने मचाया कहर, ईस्ट...

दिल्ली से गुरुग्राम तक झमाझम बारिश, तेज हवाओं ने मचाया कहर, ईस्ट ऑफ कैलाश में गाड़ियों पर गिरा पेड़

दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने करवट ली है. काले बादल और तेज हवाओं के बीच दिल्ली से लेकर गुरुग्राम तक कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां जारी हैं. मौसम विभाग (IMD) ने ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है. तेज हवाओं के बीच दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश इलाके में एक बड़ा पेड़ कई गाड़ियों पर गिरने से काफी नुकसान हुआ है.

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आखिरकार मॉनसून का असर दिखाई देने लगा है. आसमान में घने काले बादलों के बीच कुछ जगहों पर हल्की बारिश और बूंदाबादी देखने को मिल रही है. वहीं, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम समेत एनसीआर के कई इलाकों में हवाओं के साथ तेज बारिश की गतिविधियां देखी जा रही हैं. मौसम विभाग (IMD) ने दोपहर के बाद पूरी दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है.

मौसम का मिजाज बदलने से लोगों को उमस वाली गर्मी से राहत मिली है. सुबह से ही दिल्ली-एनसीआर के आसमान में काले बादलों की आवाजाही देखी जा रही है. दिल्ली से लेकर गुरुग्राम तक तेज हवाएं चलने से तापमान में भी गिरावट आई है.

ईस्ट ऑफ कैलाश इलाके में गाड़ियों पर गिरा पेड़

तेज हवाओं के बीच दिल्ली के अमर कॉलोनी थाना क्षेत्र के ईस्ट ऑफ कैलाश इलाके में एक बड़ा पेड़ गाड़ियों पर गिर गया है. इस घटना में कम से कम 4-5 गाड़ियों को नुकसान हुआ है. हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन गाड़ियों के मालिकों को बड़ा नुकसान हुआ है.

गुरुग्राम में मूसलाधार बारिश ने उमस भरी गर्मी से राहत दी है. गुरुग्राम के हीरो होंडा चौक से सुभाष चौक की ओर जाने वाली सड़क पर तेज बारिश से गाड़ियों की रफ्तार धीमी हुई है. भारी बारिश से कई जगहों पर पानी भर गया है.

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक दिल्ली में आज (मंगलवार), 7 जुलाई को तापमान 30-35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. बता दें कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 2 जुलाई को दिल्ली में मॉनसून के पहुंचने की आधिकारिक पुष्टि की थी.

मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले कुछ घंटों में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है. इस दौरान तेज हवाओं के साथ कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. हवाओं की रफ्तार 30-50 किलोमीटर प्रति घंटा या उससे ज्यादा रह सकती है.

मौसम विभाग ने 7 जुलाई को पूरे दिन भारी बारिश और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जारी किया था. सुबह से लेकर रात तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. साथ ही गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चलेंगी.

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 7 जुलाई को उत्तर अरब सागर के कुछ और हिस्सों, गुजरात के बाकी इलाकों और राजस्थान तथा हरियाणा के कुछ और क्षेत्रों में आगे बढ़ गया है. मॉनसून के तेजी से आगे बढ़ने से राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में अच्छी बारिश होने की उम्मीद है.

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 2-3 दिनों में मॉनसून उत्तर अरब सागर के बचे हुए हिस्सों, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में और आगे बढ़ेगा. इसके बाद पूरे देश में मॉनसून एक्टिव हो जाएगा.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments