ग्वालियर के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में बच्चों के बीच हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। बेटे से कहासुनी होने पर एक पिता ने गुस्से में आकर 11 साल के खिलाड़ी पर क्रिकेट बैट से ताबड़तोड़ हमला कर उसके तीन दांत तोड़ दिए।
बच्चों के क्रिकेट झगड़े में कूदा सनकी पिता
ग्वालियर: जिले में बच्चों के बीच खेल-खेल में हुई मामूली कहासुनी एक खूनी और दर्दनाक वारदात में बदल गई। हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के किरावली में एक सनकी पिता ने गुस्से में अपना आपा खोते हुए मैदान में खेल रहे 11 वर्षीय मासूम खिलाड़ी पर क्रिकेट बैट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
आरोपी द्वारा किए गए वार इतने जोरदार और बर्बर थे कि बच्चे के सामने के तीन दांत टूट गए और उसका ऊपरी होंठ बुरी तरह फट गया। लहुलूहान हालत में मासूम को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए इलाज शुरू किया।
बेटे के हाथ से बैट छीना और सीधे चेहरे पर दे मारा
ग्राउंड जीरो से मिली जानकारी के मुताबिक, उटीला के किशनलाल का पुरा निवासी रणवीर सिंह 2 जुलाई को सपरिवार अपनी बहन के घर किरावली आए हुए थे। शाम करीब 4:30 बजे उनका 11 साल का बेटा दिनेश गांव के अन्य बच्चों के साथ खेत में बने मैदान पर क्रिकेट खेल रहा था। इसी दौरान खेल के नियमों को लेकर दिनेश की राहुल बंजारा नाम के बच्चे से कहासुनी हो गई।
विवाद की भनक लगते ही राहुल का पिता बालकिशन बंजारा गुस्से में तमतमाता हुआ सीधे मैदान पर पहुंच गया।
उसने बिना कुछ सोचे-समझे अपने ही बेटे के हाथ से क्रिकेट बैट छीना और सीधे दिनेश के मुंह पर दे मारा।
‘पुलिस के पास गए तो जान से मार दूंगा’
हमले के बाद जब दिनेश जमीन पर गिरकर तड़पने लगा, तब भी आरोपी का दिल नहीं पसीजा। जाते-जाते आरोपी बालकिशन बंजारा ने पीड़ित परिवार को सरेआम धमकी दी कि अगर इस मामले की शिकायत पुलिस में की, तो वह उन्हें जान से मार देगा। घटना के अगले दिन पीड़ित परिवार ने हिम्मत जुटाकर हस्तिनापुर थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी बालकिशन के खिलाफ मारपीट और गंभीर धारा के तहत केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

