महाराष्ट्र के ठाणे में भारी बारिश के दौरान 35 साल की महिला की करंट लगने से मौत हो गई. डोंबिवली के कचेरी गांव में दुकान के लिए सामान लेकर लौट रही महिला ट्रांसफॉर्मर के पास फिसलकर गिर गई. इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गई. स्थानीय लोग उसे अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
महाराष्ट्र के ठाणे में भारी बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें 35 साल की महिला की करंट लगने से मौत हो गई. महिला बारिश के दौरान अपनी दुकान के लिए सामान लेने निकली थी, लेकिन घर लौटते समय बिजली के ट्रांसफॉर्मर के पास फिसलकर गिर गई. इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गई. पुलिस ने फिलहाल आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
एजेंसी के अनुसार, हादसा 1 जुलाई की रात डोंबिवली के कचेरी गांव में हुआ. मृतक महिला की पहचान शशि राहुल चक्र के रूप में हुई है. वह इलाके में एक छोटी दुकान चलाती थी और रोजमर्रा की जरूरत का सामान लेने घर से बाहर निकली थी. पुलिस का कहना है कि सामान लेकर लौटते समय रास्ते में बिजली के ट्रांसफॉर्मर के नजदीक महिला का बैलेंस बिगड़ गया. बारिश की वजह से सड़क फिसलन भरी थी, जिससे वह ट्रांसफॉर्मर के पास गिर गई.
इसी दौरान बिजली के तार से चट हो गई और महिला को जोरदार करंट लग गया. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत महिला की मदद की. स्थानीय लोगों ने तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. अस्पताल के डॉक्टरों ने शुरुआती जांच में पुष्टि की कि महिला की मौत करंट की वजह से हुई. इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई. पुलिस ने फिलहाल आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है. अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि ट्रांसफॉर्मर के पास बिजली का तार कैसे पहुंचा और किस तरह की लापरवाही रही.
बारिश के मौसम में इस तरह की घटनाएं बिजली सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती हैं. जलभराव, खुले बिजली के तार और ट्रांसफॉर्मरों के आसपास सुरक्षा इंतजामों की कमी कई बार जानलेवा साबित होती है. ऐसे में प्रशासन और बिजली विभाग के लिए यह जरूरी हो जाता है कि बारिश के दौरान संवेदनशील इलाकों का नियमित जायजा लिया जाए और संभावित खतरे वाली जगहों सुरक्षा के इंतजाम किए जाएं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

