Homeभारतउत्तरप्रदेशजिस बाथरूम में फर्श के नीचे दफन थी पति की लाश, उसी...

जिस बाथरूम में फर्श के नीचे दफन थी पति की लाश, उसी में 44 दिन तक नहाती रही रूबी, आगरा केस की छिपी कहानी

44 साल के सुरेंद्र की हत्या करने वाली पत्नी रूबी शर्मा की साजिश के बारे में जानकर हर कोई हैरान है। इस हत्याकांड ने मेरठ की मुस्कान, मध्य प्रदेश की सोनम रघुवंशी और महाराष्ट्र की सिया गोयल सरीखी महिलाओं को भी पीछे छोड़ दिया।

हाइलाइट्स

फिल्म दृश्यम और क्राइम पेट्रोल देखकर बनाया प्लान
आगरा के सिकंदरा रेणुका धाम कॉलोनी की घटना
17 मई की रात पत्नी रूबी ने पति की हत्या कर दी थी

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा के सिकंदरा क्षेत्र की रेणुका धाम कॉलोनी में सामने आए सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे शहर को झकझोर दिया। जिस बाथरूम में परिवार के लोग रोज आते-जाते थे, उसी के फर्श के नीचे पति का शव दफन था। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपी पत्नी उसी बाथरूम में रोज नहाती रही और किसी को भनक तक नहीं लगने दी। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला ने टीवी के चर्चित शो क्राइम पेट्रोल और फिल्म दृश्यम देखकर हत्या और शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई थी।

सिकंदरा रेणुका धाम कॉलोनी निवासी 44 वर्षीय सुरेंद्र शर्मा की हत्या उसकी पत्नी रूबी शर्मा ने 17 मई की रात कर दी थी। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने पहले पति को नशे की गोलियां खिलाईं। जब वह बेसुध हो गया तो उसकी हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने से पहले उसने अपनी दोनों बेटियों और सास को जेठ अनिल शर्मा के घर भेज दिया था, ताकि घर में कोई मौजूद न रहे। अनिल शर्मा 18 मई को घर आए थे, तब सुरेंद्र चारपाई पर लेटा था। अनिल ने पूछा तो रूबी ने कहा कि नशे में चूर हैं।

बाथरूम में खोदा 2 फीट का गड्ढा

हत्या के बाद रूबी ने पूरी रात घर के बाथरूम में करीब दो फीट गहरा गड्ढा खोदा। उसने पति के शव को उसी गड्ढे में दफन कर दिया और ऊपर से फर्श की मरम्मत कराकर प्लास्टर करा दिया, ताकि किसी को शक न हो। इसके बाद वह सामान्य जीवन जीती रही और उसी बाथरूम का रोज इस्तेमाल करती रही। इसके अलावा वह मोहल्ले में अपने पति की गुमशुदगी का झूठा नाटक भी करती थी और आंसू बहाती थी।

गले में रुद्राक्ष और कड़े से हुई पहचान

समय बीतने के साथ सुरेंद्र के अचानक गायब होने पर परिवार को संदेह होने लगा। रूबी से काफी पूछताछ करने और उसे कुछ न होने का भरोसा दिलाया, तब आखिरकार रूबी ने शुक्रवार को अनिल को घर बुलाया और सुरेंद्र का शव बाथरूम में होने की बात बताई। अनिल शर्मा ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बाथरूम का फर्श तुड़वाकर खुदाई कराई तो जमीन के नीचे मानव कंकाल बरामद हुआ। कंकाल के हाथ में पहना कड़ा और गले में रुद्राक्ष की माला देखकर परिजनों ने उसकी पहचान सुरेंद्र शर्मा के रूप में की।

दृश्यम फिल्म और क्राइम पेट्रोल से बनाई योजना

पूछताछ में रूबी ने पुलिस को बताया कि उसने फिल्म दृश्यम देखकर शव को घर में ही छिपाने का तरीका सोचा था, जबकि हत्या की योजना बनाने में क्राइम पेट्रोल जैसे अपराध आधारित धारावाहिक से उसे प्रेरणा मिली। हालांकि, पुलिस इस दावे की जांच कर रही है। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि सुरेंद्र शराब का आदी था। वह कोई काम नहीं करता था और घर का खर्च उसकी मां की पेंशन और पत्नी की सिलाई से होने वाली आमदनी से चलता था। शराब के लिए पैसों की मांग को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस का मानना है कि लगातार घरेलू कलह इस हत्याकांड की प्रमुख वजह बनी।

साजिश में संलिप्तता की हो रही जांच

फिलहाल पुलिस आरोपी रूबी शर्मा से गहन पूछताछ कर रही है। जांच इस बात पर भी केंद्रित है कि इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देने और शव को दफनाने में कहीं किसी अन्य व्यक्ति ने उसकी मदद तो नहीं की। पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और अन्य फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments