बुलंदशहर की सिकंदराबाद सीट से विधायक लक्ष्मीराज सिंह ने तहसील पहुंचकर एसडीएम के पेशकार को वीडियो कॉल लगाया।
बुलंदशहर: यूपी के बुलंदशहर में बीजेपी विधायक लक्ष्मीराज सिंह भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने पर सिकंदराबाद तहसील पहुंचे। यहां उन्होंने अफसरों को जमकर फटकार लगाई। इसका एक वीडियो इंटरनेट पर सामने आया है। इसमें विधायक एसडीएम के पेशकार को वीडियो कॉल पर रिश्वत की रकम के बदले दोगुना पैसा वाप लौटाने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी अधिकारी ने गलती की है तो उसका भी ‘अरेंजमेंट’ किया जाए।
बीजेपी विधायक का ये वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर यूजर्स जमकर तारीफ कर रहे हैं। उनका कहना है कि अगर जनप्रतिनिधि इस तरह के हो जाएं तो सिस्टम अपने आप सही हो जाए।
‘तुम एसडीएम की बदनामी करा रहे हो’
वीडियो में विधायक लक्ष्मीराज सिंह ने कहा- ‘सुनो जितेंदर, रिश्वत के पैसे वापस करो। 4000 रुपये के बदले तुमको 8000 रुपये देने पड़ेंगे। पैसे नहीं दिए तो इलाज कर दूंगा तुम्हारा। तुम एसडीएम की बदनामी करा रहे हो। मैं तुम्हारा सस्पेंशन करा दूंगा।’
छात्र जीवन में ही हुई थी राजनीति में एंट्री
गौरतलब है कि लक्ष्मीराज सिंह सिकंदराबाद सीट से बीजेपी विधायक हैं। वह भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं। उन्होंने छात्र जीवन में ही राजनीति में कदम रख दिया था। वह आईपी डिग्री कॉलेज बुलंदशहर में छात्र संघ के अध्यक्ष चुने गए थे।
2022 में चुनाव जीतकर बने पहली बार विधायक
लक्ष्मीराज सिंह 2022 विधानसभा चुनाव में सिकंदराबाद से खड़े हुए थे। उन्होंने सपा उम्मीदवार राहुल यादव को करीब 30 हजार वोटों के अंतर से मात दी थी।

