भरूच। वागरा तालुका के हरिनगर गांव में सरकारी जमीन पर चल रहे अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1.5 करोड़ रुपये का सामान जब्त किया है। 17 जून की मध्यरात्रि को जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में प्रांतीय अधिकारियों की टीम ने सरकारी सर्वे नंबर-10 पर छापा मारकर अवैध खनन का खुलासा किया।
जांच में सामने आया कि बिना अनुमति सरकारी जमीन से मिट्टी निकाली जा रही थी, जिससे सरकार को रॉयल्टी का नुकसान हो रहा था। कार्रवाई के दौरान मिट्टी से भरे दो ट्रक, दो खाली ट्रक और खुदाई में इस्तेमाल हो रही दो हिताची मशीनें जब्त की गईं। हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर दो ट्रक मौके से फरार हो गए।
माइंस एंड मिनरल्स विभाग तथा स्थानीय पुलिस ने मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय लोगों ने वागरा GIDC क्षेत्र में रात के समय बढ़ती संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए प्रशासन से पेट्रोलिंग और सरप्राइज चेकिंग बढ़ाने की मांग की है।

