Homeभारतउत्तरप्रदेशराम मंदिर चढ़ावा चोरी पर अखिलेश यादव का तंज, बोले- 'BJP के...

राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर अखिलेश यादव का तंज, बोले- ‘BJP के लिए धर्म का मतलब सिर्फ धन’

उत्तरप्रदेश के लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार को घेरा है. उन्होंने अयोध्या में चढ़ावा चोरी के आरोपों पर तंज कसने के साथ ही गोरखपुर को लेकर कई चौंकाने वाले आंकड़े जारी किए हैं.

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को लखनऊ स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला. अखिलेश यादव ने अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले पर तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी के लिए धर्म का मतलब सिर्फ धन है. इसके साथ ही उन्होंने सपा द्वारा जारी ‘ऑडिट 2’ के तहत ‘राम नगरी में गोरखधंधा’ बुकलेट का हवाला देते हुए गोरखपुर में 500 प्राइमरी स्कूल बंद होने, दलितों के खिलाफ अपराध और पब्लिक हेल्थ से जुड़े गंभीर आंकड़े पेश कर सरकार को घेरा.

सीसीटीवी गायब होने पर अखिलेश का ‘सीसी’ तंज

अखिलेश यादव ने अयोध्या मामले पर चुटकी लेते हुए कहा कि जहां भी चुनावों में बेईमानी हुई थी, वहां सीसीटीवी नहीं मिले थे और यहां भी सीसीटीवी फुटेज गायब हो गए हैं. उन्होंने कहा कि सीसीटीवी से ‘सीसी’ का राज खुल जाएगा, जिसका मतलब ‘चढ़ावा चोरी’ और ‘चंदा चोरी’ है.

सपा मुखिया ने आरोप लगाया कि कंडे तक में पैसे मिल रहे हैं और जब अयोध्या में दुकानें तोड़ी गई थीं, तब वहां के लोग हमारे पास आए थे क्योंकि सरकार ने किसी की नहीं सुनी थी. उन्होंने अभिनेता और सांसद रवि किशन को सपा की दोनों किताबें भिजवाने की बात भी कही.

गोरखपुर में बीजेपी को ‘जीरो’ करने का संकल्प

गोरखपुर को लेकर आंकड़े दिखाते हुए अखिलेश ने कहा कि वहां 500 प्राइमरी स्कूल बंद कर दिए गए, जिससे सीधे-सीधे 1500 लोगों की सरकारी नौकरी छीन ली गई. उन्होंने गोरखपुर में दलितों के खिलाफ अपराध और पब्लिक हेल्थ को लेकर भी डेटा दिखाया. सपा अध्यक्ष ने दावा किया कि गोरखपुर के नेताओं ने इस बार परिणाम बदलने का संकल्प लिया है और वहां घेरकर बीजेपी को जीरो करने का काम किया जाएगा. उन्होंने मथुरा को लेकर लिखी चिट्ठी और केयर फंड व गुरु दक्षिणा के हिसाब न मिलने पर भी सवाल उठाए.

2027 चुनाव को लेकर सपा की रणनीति

यह पूरी कवायद समाजवादी पार्टी द्वारा साल 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सामाजिक समीकरणों को मजबूत करने के लिए की जा रही है. बुधवार को पार्टी कार्यालय में समाजवादी ब्राह्मण सभा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक हुई, जिसमें अगस्त महीने में प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों और संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments