लखनऊ के लोकभवन में सीएम योगी ने कहा कि ड्यूटी पर रील बनाकर आप लोग हंसी का पात्र बनते हैं। लोगों को सिस्टम पर उंगली उठाने का मौका मिलता है, इसलिए ऐसा मत करिए।
लखनऊ: अक्सर आपने देखा होगा कि सोशल मीडिया पर कुछ सरकारी कर्मचारी या पुलिस के जवान रील बनाते हुए नजर आते हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐसा करने वाले सरकारी कर्मचारियों को नसीहत दी है। सीएम योगी ने कहा कि ड्यूटी के दौरान रील बनाना अनुशासनहीनता का ही एक हिस्सा है। ये सब नहीं करना चाहिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ऐसा करने से आप लोग हंसी का पात्र बनते हैं, जो सही नहीं है।
सीएम योगी ने ये बातें बुधवार को लखनऊ के लोक भवन में नवनियुक्त 930 कंप्यूटर ऑपरेटरों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए कही। सीएम योगी ने कहा, ‘अक्सर हम लोग देखते हैं कि ड्यूटी के दौरान बहुत सारे लोग रील बनाते रहते हैं। ये अनुशासनहीनता का ही एक पार्ट है। उस समय हमें अपनी ड्यूटी के प्रति सजग होना होगा, ना कि रील बनानी होगी। इस बात का हमें ध्यान रखना है कि जो हमारा काम है, उसके प्रति उतनी ही सतर्कता और गंभीरता भी होनी चाहिए, तभी वह काम गरिमापूर्ण तरीके से परिणाम दे पाएगा।’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी कर्मचारियों को नसीहत देते हुए कहा, ‘हमें कोई ऐसा कार्य नहीं करना चाहिए, जो अनावश्यक तौर पर हमें हंसी का पात्र बनाए। इससे सिस्टम पर अनावश्यक उंगली उठाने का प्रयास होता है। कुछ लोग अपने आप कुछ कर नही सकते, तो अनावश्यक सिस्टम पर उंगली उठाते हैं। जिसकी जहां ड्यूटी है, वह कार्य करेगा तो परिणाम अपने आप आएगा। उस परिणाम को लाने के लिए टीम भाव के साथ हम सबको आगे बढ़ना होगा।’

