दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन को वर्ल्ड क्लास बनाने की तैयारी तेज हो गई है। इस स्टेशन पर अब कई तरह की सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। साथ ही स्टेशन के सराय काले खां की ओर लगे एंट्री गेट के रीडिवेलपमेंट का काम भी शुरू हो गया है। वहीं, स्टेशन में सड़क मार्ग द्वारा एंट्री अस्थायी रूप से बंद कर दी है।
नई दिल्ली: हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन को आधुनिक बनाने की दिशा में एक और कदम उठाया गया है। स्टेशन के सराय काले खां की ओर मौजूद एंट्री गेट के रीडिवेलपमेंट का काम शुरू हो गया है। इसकी वजह से सराय काले खां की ओर से स्टेशन में सड़क मार्ग द्वारा एंट्री अस्थायी रूप से बंद कर दी है। यात्रियों की एंट्री अब नमो भारत के नए फुट ओवरब्रिज से होगी।
शुक्रवार को नॉर्दन रेलवे ने इसकी जानकारी दी है। सराय काले खां की तरफ रीडिवेलपमेंट का काम शुरू हो गया है। इसमें नई सीढ़ी, एस्केलेटर, लिफ्ट का निर्माण, बुकिंग कार्यालय का पुनर्निर्माण, टॉयलेट्स और एफओबी-2 के डेक स्लैब का विस्तार शामिल है। रेलवे के अनुसार, यात्रियों की सुरक्षा के हित को देखते हुए सराय काले खां की ओर स्थित रेलवे स्टेशन का मौजूदा प्रवेश/निकास द्वार तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है।
नमो भारत से सीधी कनेक्टिविटी, 5 मिनट में स्टेशन
यात्रियों की सुविधा के लिए नमो भारत ट्रेन के फुटओवर ब्रिज को हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के फुटओवर ब्रिज से जोड़ दिया गया है। इस नए हाई-टेक ब्रिज के शुरू होने से यात्री अब बिना किसी परेशानी के सीधे सराय काले खां स्थित नमो भारत स्टेशन के गेट नंबर 1 और 2 से मात्र 5 मिनट पैदल चलकर निजामुद्दीन स्टेशन पहुंच सकते हैं।
300 मीटर लंबा है एफओबी
हाल ही में खोला गया यह क्रॉस-बोर्ड (एफओबी) लगभग 300 मीटर लंबा है और रेलवे स्टेशन को सराय काले खान स्थित नमो भारत स्टेशन से सीधे जोड़ता है। इसके चलते यात्रियों को अब ट्रेन बदलने के लिए व्यस्त सड़क पर बाहर आने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

