लखनऊ की अमौसी एयरपोर्ट पर घंटों अफरातफरी की स्थिति बनी रही। विमान और सामान की तलाशी लेने के बाद इसे हॉक्स कॉल करार दिया गया।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट (6E) में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब उड़ान भरने से ठीक पहले विमान के टॉयलेट में बम लिखा हुआ एक टिश्यू पेपर मिला। लखनऊ से सुबह 11.15 बजे इंडिगो एयरलाइन के दिल्ली जाने वाले विमान 6ई2111 के टॉयलेट में किसी ने एक टिश्यू पेपर पर बम होने की सूचना लिखकर रख दिया। इसके बाद विमान को एसटीसी से संपर्क के बाद टैक्सी वे एरिया में लाया गया।
सीआईएसएफ सहित सभी सुरक्षा एजेंसियों ने यात्रियों और उनके सामान को उतार दिया है। विमान और सामान की तलाशी ली गई। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत करीब 180 यात्रियों वाली इस फ़्लाइट को तुरंत एप्रन पर ही रोक दिया गया। सुरक्षा कर्मियों द्वारा विमान की सघन तलाशी ली गई, जिसमें कोई भी संदिग्ध या हानिकारक वस्तु नहीं मिली। जांच के बाद इस खतरे को पूरी तरह झूठा करार दिया गया। आवश्यक सुरक्षा और कानूनी प्रक्रियाओं के चलते विमान की उड़ान में देरी हुई।
विमान में मौजूद 180 यात्रियों का धड़कता रहा दिल
अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान कोई विस्फोटक या हानिकारक पदार्थ नहीं मिला और आगे की कानूनी और सुरक्षा प्रक्रियाएं चल रही हैं कि टिशू पेपर पर बम शब्द किसने लिखा और इसके पीछे किसका हाथ है। इस पूरी छानबीन के दौरान विमान में बैठे 180 यात्री परेशान होते रहे। सुरक्षा कर्मियों द्वारा विमान की सघन तलाशी ली गई, जिसमें कोई भी संदिग्ध या हानिकारिक वस्तु नहीं मिली।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
गौरतलब है कि यह कोई पहली बार नहीं है जब कि इंडिगो विमान में बम की झूठी सूचना दी गई हो। पहले भी कई मौकों पर ऐसा हो चुका है और हर बार यात्रियों को दिक्कत का सामना करना पड़ा है। कई मामलों में तो सुरक्षाकर्मियों ने आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है।

