Homeभारतमहाराष्ट्रा'मां मर चुकी है…', रिश्तेदारों को कैब तक ले गया 4 साल...

‘मां मर चुकी है…’, रिश्तेदारों को कैब तक ले गया 4 साल का मासूम, अंदर थी दो लाशें

महाराष्ट्र राज्य के बदलापुर में एक चार वर्षीय मासूम ने अपनी मां की मौत का राज खोल दिया. बच्चे ने रिश्तेदारों को उस कार तक पहुंचाया, जहां एक महिला और कैब चालक के शव मिले. पुलिस को हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका है, लेकिन फॉरेंसिक जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा.

बदलापुर पूर्व के जुवेली इलाके में गुरुवार दोपहर एक कार के भीतर महिला और एक कैब चालक के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि पहले महिला की हत्या की गई और उसके बाद आरोपी ने आत्महत्या कर ली. हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है.

रिश्तेदारों के पास पहुंचा मासूम

घटना का खुलासा उस समय हुआ जब मृत महिला का चार वर्षीय बेटा कार से बाहर निकलकर पास में रहने वाले अपने रिश्तेदारों के पास पहुंचा. बच्चे ने बताया कि उसकी मां मर गई है, इसके बाद वह रिश्तेदारों को उस कार तक ले गया, जहां महिला और एक पुरुष का शव पड़ा हुआ था. सूचना मिलते ही बदलापुर पूर्व पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची.

पुलिस के अनुसार, मृत महिला पिछले तीन महीनों से जुवेली इलाके में रह रही थी, वहीं मृत पुरुष की पहचान मुंबई के घाटकोपर निवासी गणेश शिंदे के रूप में हुई है, जो पेशे से कैब चालक था. दोनों के शव कार के अंदर मिले और उनके शरीर पर धारदार हथियार से हमले के निशान पाए गए हैं. घटनास्थल का पंचनामा करने के साथ ही फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया. प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि घटना के समय चार वर्षीय बच्चा कार के अंदर मौजूद था और संभव है कि उसने पूरी घटना देखी हो.

मौतों के वक्त कार में था बच्चा

कल्याण परिमंडल के पुलिस उपायुक्त सचिन गोरे ने बताया कि बच्चे के शुरुआती बयान के आधार पर ऐसा प्रतीत होता है कि गणेश शिंदे ने महिला पर हमला कर उसकी हत्या की और बाद में स्वयं को भी गंभीर रूप से घायल कर लिया, जिससे उसकी मौत हो गई. हालांकि शिंदे की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर जांच अभी जारी है. पुलिस महिला और गणेश शिंदे के बीच संबंधों की भी पड़ताल कर रही है.

महिला के परिजनों ने बताया कि वे गणेश शिंदे को नहीं जानते थे. पुलिस दोनों परिवारों के बयान दर्ज कर रही है और पोस्टमॉर्टम तथा फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की वास्तविक वजह और घटनाक्रम पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगा.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments