राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर चल रहे विवाद पर बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में बहुत बड़े लोग शामिल हैं और यदि वह अभी पूरी सच्चाई बता देंगे तो स्वयं बड़ी परेशानी में पड़ जाएंगे।
लखनऊ: राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर चल रहे विवाद पर सियासत गरमा गई है। इस मामले पर अब बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में बहुत बड़े लोग शामिल हैं और यदि वह अभी पूरी सच्चाई बता देंगे तो स्वयं बड़ी परेशानी में पड़ जाएंगे। उन्होंने कहा कि फिलहाल वह इस विषय पर अधिक नहीं बोलना चाहते, लेकिन समय आने पर पूरे मामले का सच सामने रखेंगे।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, ‘मैं अगर सच बोल दूंगा, तो बहुत चोट लगेगी और मैं खुद विवाद में फंस जाऊंगा, क्योंकि वो बहुत पावरफुल लोग हैं। इसीलिए, डर के मारे मैं सच नहीं बोल रहा। मैं डर की वजह से सच नहीं बोल सकता।’
क्या है मामला
बता दें कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अयोध्या के राम मंदिर से करोड़ों रुपये का चढ़ावा गायब होने का गंभीर आरोप लगाया है। अखिलेश यादव ने बीते रविवार को सोशल मीडिया पर शेयर किया था कि अयोध्या के राम मंदिर से करोड़ों रुपये का चढ़ावा गायब हो गया है। अखिलेश यादव ने लिखा था कि समस्त विश्व में भगवान राम के उपासकों के लिए ये एक बेहद संवेदनशील समाचार है कि ‘राम मंदिर’ के चढ़ावे की करोड़ों की रकम गायब पाई गई है। न्यायालय से स्वतः संज्ञान लेने की मांग है क्योंकि इसका सीधा संबंध वैश्विक स्तर पर समस्त सनातनी समाज की प्रभु राम में गहरी आस्था से जुड़ा है।
चंपत राय ने खंडन किया
अखिलेश यादव के आरोपों पर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने खंडन किया है। चंपत राय वीडियो जारी कर बयान जारी कर चुके हैं। चंपत राय ने बताया कि इंटरनल ऑडिट चल रहा है। ट्रस्ट और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के लोग साझा रूप से ये काम करते हैं। उन्होंने बताया कि राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र का समय समय पर आंतरिक ऑडिट होता है। इस कार्य में ट्रस्ट और भारतीय स्टेट बैंक के प्रतिनिधि सम्मिलित रहते हैं। ऑडिट कार्य कई दिन तक चलता है। वही कार्य आजकल हो रहा है। अभी तक कोई उल्लेखनीय बात सामने नहीं आयी है।

