अमेठी जिले के सेठा रोड पर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में जनेशन अल्फा के छात्रों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर रात में हंगामा किया। उन्होंने खराब भोजन मिलने पर विरोध प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने स्कूल का दौरा किया। मामले की जांच के लिए एक कमेटी गठित कर दी गई है।
अमेठी के जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया।
उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में सेठा रोड पर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में मंगलवार को देर रात में जबरदस्त हंगामा और ड्रामा देखने को मिला। हॉस्टल में घटिया खाने, पानी की किल्लत और सुविधाओं की कमी से तंग आकर नवोदय विद्यालय के सैकड़ों ‘Gen Alpha’ (छठी से बारहवीं कक्षा के छात्र) सड़क पर उतर आए और रात में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। मंगलवार को रात 8 बजे से शुरू हुआ छात्रों का यह धरना देर रात करीब एक बजे तक चला। पूरा परिसर ‘टीचर गो बैक’ और अन्य नारों से गूंजता रहा।
गुस्साए छात्रों ने स्कूल प्रशासन की पोल खोलते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रों का कहना है कि मेस में मिलने वाला खाना इतना घटिया होता है कि सीनियर छात्र अक्सर रात को भूखे ही सो जाते हैं। दूषित खाना खाने से कई बच्चे बीमार भी पड़ चुके हैं, लेकिन इलाज का कोई इंतजाम नहीं है। नाश्ते में अक्सर सिर्फ ‘फ्राई चावल’ थमा दिया जाता है। जब छात्र इसकी शिकायत करते हैं, तो जिम्मेदार सुधार करने के बजाय ताना मारते हैं कि, ‘पसंद नहीं है तो अपने घर चले जाओ, वहां अच्छा खाना मिलेगा।’
छात्रों ने यह भी बताया कि हॉस्टल में पानी की भारी किल्लत है, ऊपरी मंजिल के बाथरूम टपकते हैं और गर्मियों में पंखे इतने धीमे चलते हैं कि सोना मुश्किल हो जाता है। एक छात्र ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा, ‘अधिकारियों के ऑफिस में तो एयर कंडीशनर (AC) लगे हैं और हमारे कमरों के पंखे हवा तक नहीं देते!’ इसके अलावा, बिना किताबों के पढ़ाई कराने और सवाल पूछने पर अध्यापकों द्वारा अभद्र भाषा इस्तेमाल करने का भी आरोप लगा है।
रात में पहुंचे अफसर, दिया आश्वासन
हंगामे की सूचना मिलते ही एसडीएम गौरीगंज दिशा श्रीवास्तव, एसडीएम मुसाफिरखाना, सीओ गौरीगंज और कोतवाली पुलिस के अधिकारी विद्यालय पहुंचे। रात में ही अधिकारियों ने छात्रों से सीधी बात की और उनकी मांगों का लिखित मेमोरेंडम लिया। निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई का ठोस आश्वासन मिलने के बाद ही रात करीब एक बजे छात्र शांत हुए और अपने कमरों में लौटे।
डीएम ने बच्चों संग मेस में किया लंच, जांच के लिए बनी 5 सदस्यीय कमेटी
मामले की गंभीरता को देखते हुए बुधवार को जिलाधिकारी (DM) संजय चौहान, एसपी सरवणन टी और एसडीएम दिशा श्रीवास्तव ने नवोदय विद्यालय का दौरा किया। डीएम और एसपी ने खुद मेस में जाकर बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर लंच किया और खाने की क्वालिटी का जायजा लिया।
मामले पर क्या बोले डीएम संजय चौहान?
डीएम संजय चौहान ने कहा, ‘सूचना मिलने पर मैंने स्वयं विद्यालय परिसर का दौरा किया। प्रबंधन और छात्रों दोनों से बातचीत कर समस्याओं को सुना है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एसडीएम दिशा श्रीवास्तव की अध्यक्षता में 5 सदस्यीय कमेटी बनाई गई है। तुरंत ठीक होने वाली समस्याओं को तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं और जर्जर इमारतों की मरम्मत के लिए बजट की मांग भेजने के आदेश दिए हैं।’

