Homeभारतउत्तरप्रदेशजिससे लव मैरिज की… उसका कराया 44 लाख का बीमा, फिर मार...

जिससे लव मैरिज की… उसका कराया 44 लाख का बीमा, फिर मार डाला… पति सहित 4 आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में पहले जिस मौत को हादसा माना जा रहा था, वह जांच में हत्या निकली. यहां के एक व्यक्ति ने ढाई साल पहले जिस लड़की से लव मैरिज की थी, उसका 44 लाख रुपये का बीमा कराया. फिर बीमा क्लेम के लिए पत्नी की हत्या कर दी. पुलिस ने अब चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

हमीरपुर से आई यह कहानी सन्न कर देने वाली है. पहले सड़क किनारे एक महिला का शव मिलता है. पुलिस इसे सड़क हादसा मानती है. पति खुद पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखवाता है, फिर शव की पहचान भी करता है. लेकिन 48 घंटे बाद जांच का ऐसा खुलासा होता है, जो पूरी कहानी बदल देता है.

29 जुलाई की रात ललपुरा थाना क्षेत्र के पौधिया गांव के पास सड़क किनारे एक महिला का शव मिला. खेतों से लौट रहे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी. शुरुआती जांच में मामला सड़क दुर्घटना का लग रहा था. महिला की पहचान 32 वर्षीय रीता के रूप में हुई. पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया और जांच शुरू कर दी. लेकिन मौके से मिले कुछ सबूत पुलिस को संकेत दे रहे थे कि कहानी उतनी सीधी नहीं है, जितनी दिखाई दे रही है.

घटना के बाद रीता का पति अमर सिंह सुमेरपुर थाने पहुंचा और पत्नी के लापता होने की सूचना दर्ज कराई. बाद में जब अज्ञात महिला का शव मिलने की खबर आई तो वही पति पहचान करने भी पहुंच गया. लेकिन पुलिस की जांच, मोबाइल लोकेशन, सर्विलांस और पूछताछ ने धीरे-धीरे पूरी तस्वीर बदल दी.

पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया कि रीता के नाम 44 लाख रुपये का जीवन बीमा कराया गया था. आरोप है कि इसी रकम को हासिल करने के लिए अमर सिंह ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर हत्या की पूरी साजिश रची. प्लानिंग यह थी कि हत्या को सड़क हादसे का रूप दिया जाएगा, ताकि बीमा कंपनी से क्लेम आसानी से मिल सके. पुलिस का दावा है कि बीमा की रकम में से 15 लाख रुपये अमर सिंह को मिलने थे, जबकि बाकी रकम अन्य आरोपियों में बांटी जानी थी.

पुलिस के अनुसार, प्लानिंग के तहत अमर सिंह पत्नी रीता को पौधिया नहर मार्ग पर लेकर पहुंचा. वहां पहले से उसके तीन साथी कार के साथ मौजूद थे. पहले कार से रीता को टक्कर मारी गई. जब वह सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी तो आरोपियों ने उसे उठाकर दोबारा सड़क पर लिटाया और कार उसके ऊपर चढ़ा दी, ताकि यह मामला सामान्य सड़क दुर्घटना लगे. यहीं रीता की मौत हो गई.

ढाई साल पहले की थी लव मैरिज

जांच में यह भी सामने आया कि रीता ने करीब ढाई साल पहले अमर सिंह से लव मैरिज की थी. रीता के पहले पति की मौत हो चुकी थी. कानपुर में काम करने के दौरान उसकी मुलाकात अमर सिंह से हुई और दोनों ने शादी कर ली. परिजनों का कहना है कि यह रीता की दूसरी और अमर सिंह की तीसरी शादी थी. जिस रिश्ते की शुरुआत प्यार से हुई थी, उसका अंत पुलिस के मुताबिक, हत्या की साजिश में हुआ.

हमीरपुर पुलिस ने 48 घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर दिया. पुलिस ने पति अमर सिंह, अमित गुप्ता उर्फ राम, पुष्पेंद्र सोनी उर्फ साहिल और अभय सिंह उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई कार और एक मोबाइल सिम कार्ड भी बरामद किया गया है. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में तकनीकी सबूत, सर्विलांस, घटनास्थल से मिले सबूत और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर कार्रवाई की गई है. सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments