संस्थापक-संचालक राजेश सकलेचा के मार्गदर्शन में सेवा, सहयोग और मानवता का प्रेरक संदेश –
नागदा। सेवा, संवेदना और सामाजिक सरोकारों को समर्पित जैन नारी शक्ति मंच ने संस्थापक-संचालक राजेश सकलेचा के मार्गदर्शन में अपने प्रथम सेवा प्रकल्प के माध्यम से समाजसेवा की प्रेरणादायी शुरुआत की। बुधवार शाम पाल्या कला स्थित ओमप्रकाश कुमावत के निवास पर आयोजित कार्यक्रम में जरूरतमंद महिलाओं को साड़ियां तथा पुरुषों को कुर्ता-पायजामा एव छोटे बच्चो को ड्रेस सम्मानपूर्वक भेंट किए गए।
यह सेवा प्रकल्प जैन समाज के दो गुप्त लाभार्थी परिवारों के सहयोग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों तक सम्मानपूर्वक वस्त्र पहुंचाकर सेवा, सहयोग, करुणा और मानवता के मूल्यों को सशक्त करना रहा।
मंच की सक्रिय कार्यकर्ता चंचल जैन (चोरड़िया) एवं आशा जैन ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि समाज के सामूहिक सहयोग से ऐसे सेवा प्रकल्प निरंतर संचालित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंच सके।
राजेश सकलेचा एव दिपक जैन ने बताया कि जैन नारी शक्ति मंच राष्ट्रीय स्तर पर अपने संगठन का विस्तार कर रहा है तथा भविष्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण एवं जनकल्याण से जुड़े अनेक सेवा प्रकल्प समाज के सहयोग से नियमित रूप से संचालित किए जाएंगे।
कार्यक्रम का संचालन आशा जैन ने किया तथा आभार चंचल जैन ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रीति भटेवरा, मोनिका जैन (नवादावाला), उर्मिला कोठारी, अनुज नाहर, दीपक जैन, जीवनलाल जैन, ओमप्रकाश कुमावत, धर्मेन्द्र कुमावत, अंकित कुमावत सहित मंच की पदाधिकारी, सदस्याएं, समाजसेवी एवं सहयोगी परिवारजन उपस्थित रहे। सभी ने इस सेवा पहल की सराहना करते हुए इसे समाज में सेवा, सहयोग, संवेदना और सामाजिक समरसता की दिशा में एक प्रेरणादायी शुरुआत बताया। नागदा से संवाददाता जीवनलाल जैन की रिपोर्ट।9179662633

