संसद भवन परिसर में विपक्षी सांसदों द्वारा संत वेश धारण कर किए गए प्रदर्शन पर संत समाज और विश्व हिंदू परिषद ने कड़ी आपत्ति जताई है। महंत अनिलानन्द महाराज और VHP नेता जितेंद्र चौहान ने इसे सनातन धर्म का अपमान बताते हुए माफी न मांगने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
संसद में पुजारी बने पप्पू यादव तो भोपाल में भड़का संत समाज
भोपाल: संसद भवन परिसर में विपक्षी सांसदों द्वारा संत वेश धारण कर किए गए प्रदर्शन को लेकर देश भर के संत समाज और हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। पूज्य संत महंत अनिलानन्द महाराज जी ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि संसद में प्रदर्शन के नाम पर श्री रामलला और संत समाज का अपमान बिल्कुल सहन नहीं किया जाएगा। यदि इस मामले में माफी नहीं मांगी गई, तो संत समाज उग्र प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा।
रावण के छद्म वेश से की विपक्षी नेताओं के कृत्य की तुलना
विश्व हिंदू परिषद प्रांत मध्यभारत के प्रांत सह मंत्री जितेंद्र चौहान ने इस पूरे घटनाक्रम पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने 31 जुलाई को संसद भवन परिसर में विपक्षी सांसदों द्वारा किए गए इस कृत्य को सनातन धर्म, साधु-संतों और संपूर्ण हिंदू समाज की धार्मिक भावनाओं का सीधा अपमान करार दिया।
जिस प्रकार रावण ने छल-कपट के लिए संत का छद्म वेश धारण किया था, उसी प्रकार ये नेता धार्मिक प्रतीकों का दुरुपयोग कर हिंदू आस्था पर चोट करने का प्रयास कर रहे हैं। जितेंद्र चौहान, प्रांत सह मंत्री, VHP मध्यभारत
श्री चौहान ने कांग्रेस समर्थित निर्दलीय सांसद पप्पू यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी तथा समाजवादी पार्टी व कांग्रेस के अन्य सांसदों पर निशाना साधते हुए इसे बेहद निम्नस्तरीय कृत्य बताया। उन्होंने कहा कि भव्य राम मंदिर बनने के बाद उपजी बौखलाहट में यह सब किया जा रहा है। हिंदू समाज धैर्यवान और सहिष्णु है, लेकिन उसे अपनी मर्यादाओं के दायरे से बाहर जाने पर मजबूर न किया जाए।
VHP की लोकसभा अध्यक्ष से सख्त कार्रवाई की मांग
विश्व हिंदू परिषद ने माननीय लोकसभा अध्यक्ष से पुरजोर मांग की है कि संसद परिसर में धार्मिक प्रतीकों का अनादर करने वाले सांसदों के खिलाफ कठोरतम अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही, इस अमर्यादित कृत्य के खिलाफ VHP कानूनी विकल्पों पर भी विचार कर रही है।
विरोध प्रदर्शन में प्रमुख रूप से शामिल रहे ये चेहरे
इस दौरान भोपाल विभाग के सैकड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
प्रांत सह मंत्री: जितेंद्र चौहान
भोपाल विभाग मंत्री: जीवन शर्मा
विभाग सह मंत्री: हरिओम शर्मा
विभाग संयोजक: अभिजीत राजपूत
जिला मंत्री: मोहित सोनी, नितिन साहू, कमल पिपरिया, जितेंद्र मीणा
अन्य पदाधिकारी: रोहित श्रीवास, सुरेन्द्र ठाकुर, अभिषेक शर्मा, अर्जुन गुर्जर, शिवराज धाकड़

