Homeभारतमध्यप्रदेशइंदौर के मेजर हमजा जैसलमेर में शहीद: एक महीने पहले हुई थी...

इंदौर के मेजर हमजा जैसलमेर में शहीद: एक महीने पहले हुई थी शादी, ड्यूटी लौटते वक्त ऊंट से टकराई गाड़ी

जैसलमेर में ड्यूटी से लौट रहे इंदौर के मेजर हमजा आरिफ की सड़क हादसे में शहादत हो गई है। उनकी टाटा सफारी अचानक सड़क पर आए ऊंट से टकरा गई, जिससे गाड़ी कई बार पलट गई। एक महीने पहले ही उनकी शादी हुई थी।

इंदौर: एक महीने पहले जिस घर में शादी की खुशियां गूंज रही थीं वहां अब मातम पसरा हुआ है। इंदौर के राजेंद्र नगर निवासी मेजर हमजा आरिफ देश की सेवा करते हुए एक सड़क हादसे में हमेशा के लिए दुनिया छोड़ गए। राजस्थान के जैसलमेर में सेना की टाटा सफारी अचानक सामने आए ऊंट से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन कई बार पलटता हुआ दूर तक घिसट गया। हादसे में मेजर हमजा की मौके पर ही जान चली गई जबकि उनके साथ मौजूद दो लेफ्टिनेंट गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार यह हादसा गुरुवार देर रात करीब 12:30 बजे जैसलमेर जिला मुख्यालय से लगभग 18 किलोमीटर दूर थईयात सैन्य क्षेत्र में हुआ। सेना की टाटा सफारी में मेजर हमजा आरिफ के साथ लेफ्टिनेंट अभिनव राठौड़ और लेफ्टिनेंट आयुष्मान भी सवार थे। तीनों अपनी ड्यूटी पूरी कर सैन्य स्टेशन लौट रहे थे। इसी दौरान अंधेरे में अचानक एक ऊंट सड़क पर आ गया। वाहन चला रहे मेजर हमजा उसे बचा नहीं सके और सफारी सीधे ऊंट से टकरा गई।

मौके पर पहुंची बीएसएफ ने भेजा अस्पताल

टक्कर इतनी तेज थी कि सेना की सफारी करीब पांच बार पलट गई और लगभग 100 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ऊंट के चिल्लाने की आवाज भी दूर तक सुनाई दी। इसके बाद स्थानीय पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। सभी घायलों को तुरंत सैन्य अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मेजर हमजा आरिफ को मृत घोषित कर दिया। हादसे में ऊंट की भी मौत हो गई।

घायलों का इलाज जारी

घायल लेफ्टिनेंट अभिनव राठौड़ और आयुष्मान का सैन्य अस्पताल में इलाज जारी है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं मेजर हमजा के शव को पोस्टमार्टम के लिए राजकीय जवाहर अस्पताल भेजा गया जहां शुक्रवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई।

एक महीने पहले हुई थी शादी

महज एक महीने पहले ही मेजर हमजा आरिफ की शादी हुई थी और वे छुट्टियां बिताकर कुछ दिन पहले ही अपनी ड्यूटी पर वापस लौटे थे। अचानक आई इस मनहूस खबर से इंदौर के राजेंद्र नगर स्थित उनके परिवार और पूरे क्षेत्र में गहरा शोक छा गया है। उनके पिता आरआर कैट से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं और परिवार में माता-पिता के अलावा तीन बहनें हैं।

सैन्य सम्मान के साथ इंदौर में होगा अंतिम संस्कार

पिछले नौ वर्षों से भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दे रहे मेजर हमजा आरिफ का पार्थिव शरीर शनिवार दोपहर तक इंदौर लाया जाएगा, जहां उन्हें पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। पुलिस और मिलिट्री पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है, जिसमें सामने आया है कि गाड़ी की टक्कर जिस ऊंट से हुई वह स्थानीय किसान का था और अंधेरे में अचानक सड़क पर आ गया था।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments