मध्य्प्रदेश के शिवपुरी के सिरसौद गांव में बिजली कटौती से ग्रामीण परेशान हैं। इससे परेशान ग्रामीणों ने पहले सड़क जाम किया था। बुधवार को ग्रामीणों ने उर्जा मंत्री की अर्थी निकाली है। साथ ही चेतावनी दी है कि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन करेंगे।
हाइलाइट्स
शिवपुरी के सिरसौद गांव में भीषण बिजली कटौती
ग्रामीणों का आरोप 10-11 घंटे की हो रही बिजली कटौती
नाराज ग्रामीणों ने उर्जा मंत्री की निकाली अर्थी
समाधान नहीं होने पर बड़े आंदोलन की दी चेतावनी
शिवपुरी: जिले के सिरसौद गांव में बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों ने बुधवार को प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की अर्थी निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीण बिजली कटौती से परेशान हैं। शिकायत के बावजूद सुधार नहीं हो रहा है।
किया अंतिम संस्कार
अमोला सिरसौद के ग्रामीणों ने बिजली की लगातार कटौती से नाराज होकर ऊर्जा मंत्री मुर्दाबाद के नारे लगाए। गांव में अर्थी सजाकर, उसे कंधे पर लेकर पूरे गांव में जुलूस निकाला गया। इसके बाद अर्थी को हाईवे से होते हुए मुक्तिधाम ले जाकर अंतिम संस्कार किया गया।
10-11 घंटे की बिजली कटौती
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में रोजाना 10 से 11 घंटे की बिजली कटौती की जा रही है। अधिकारियों को कई बार शिकायत की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसी परेशानी के चलते दो दिन पहले सरपंच अतर सिंह लोधी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सिरसौद-पिछोर रोड पर चक्काजाम भी किया था। उस प्रदर्शन के बाद भी स्थिति में सुधार न होने पर बुधवार को अर्थी निकालकर विरोध जताया गया।
गांव में घुमाई अर्थी
बुधवार को सिरसौद के वृद्धाश्रम के सामने अर्थी सजाई गई। ग्रामीण अर्थी लेकर गांव की गलियों से गुजरे और बाद में श्मशान घाट पहुंचकर पेट्रोल डालकर उसका अंतिम संस्कार किया।
प्रभारी मंत्री भी हैं प्रद्युमन सिंह तोमर
प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर शिवपुरी जिले के प्रभारी मंत्री भी हैं। ग्रामीणों ने कहा कि लगातार कटौती से खेती, पेयजल और घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहा है। अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि कटौती बंद कर नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए,नहीं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

