Homeभारतमहाराष्ट्राशादी का सपना दिखाकर लूटता था जिंदगी भर की कमाई, विधवा-तलाकशुदा महिलाओं...

शादी का सपना दिखाकर लूटता था जिंदगी भर की कमाई, विधवा-तलाकशुदा महिलाओं का सीरियल ठग गिरफ्तार

महाराष्ट्र के डोंबिवली की विष्णुनगर पुलिस ने शादी का झांसा देकर महिलाओं से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी अनुज संतोष तिवारी उर्फ अनुज कुमार त्रिवेदी को उत्तर प्रदेश के सीतापुर से गिरफ्तार किया है. आरोपी मैट्रिमोनियल वेबसाइटों के जरिए अकेली, विधवा और तलाकशुदा महिलाओं को निशाना बनाकर उनसे नकदी, जेवरात और संपत्ति हड़पता था.

महाराष्ट्र के डोंबिवली से एक बड़े ठगी गिरोह का खुलासा हुआ है. विष्णुनगर पुलिस ने शादी का झांसा देकर महिलाओं से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को उत्तर प्रदेश के सीतापुर से गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान 48 वर्षीय अनुज संतोष तिवारी उर्फ अनुज कुमार त्रिवेदी के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से मैट्रिमोनियल वेबसाइटों और वैवाहिक विज्ञापनों के जरिए महिलाओं को अपने जाल में फंसा रहा था. फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है.

पुलिस के मुताबिक आरोपी शादी डॉट कॉम, मैट्रिमोनियल डॉट कॉम और टाइम्स ऑफ इंडिया में प्रकाशित वैवाहिक विज्ञापनों के जरिए महिलाओं से संपर्क करता था. वह खास तौर पर ऐसी महिलाओं को निशाना बनाता था जो अकेली रहती थीं, विधवा थीं, तलाकशुदा थीं या जिनके बच्चे विदेश में रहते थे. आरोपी पहले भरोसा जीतता था और फिर शादी का वादा कर उनसे आर्थिक फायदा उठाता था.

जांच में सामने आया कि आरोपी ने 73 वर्षीय एक महिला से दोस्ती की. इसके बाद उसने महिला के घर से जेवरात चुरा लिए. इतना ही नहीं, महिला के नाम पर एक नया सिम कार्ड भी जारी कराया. इसके बाद पुणे की एक हाई-प्रोफाइल सोसाइटी में घर दिलाने का झांसा देकर महिला का मकान बिकवा दिया. पुलिस के अनुसार आरोपी ने इस पूरी साजिश के जरिए महिला से करीब 57 लाख रुपये ठग लिए.

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अपनी असली पहचान छिपाने के लिए दूसरी महिलाओं के नाम पर जारी सिम कार्ड का इस्तेमाल करता था. इससे वह लंबे समय तक पुलिस और पीड़ितों की नजर से बचा रहा. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस तरीके से उसने कितने लोगों को निशाना बनाया.

दूसरी महिलाओं के नाम पर सिम कार्ड का इस्तेमाल

पुलिस के मुताबिक आरोपी कई महिलाओं को शादी का भरोसा देता था. इसके बाद उनसे नकदी और जेवरात लेता था. कुछ मामलों में उसने महिलाओं के नाम पर कर्ज भी दिलवाया. जांच के दौरान एक मामले में महिला के साथ यौन शोषण का आरोप भी सामने आया है. पुलिस इन सभी मामलों की जांच कर रही है.

विष्णुनगर पुलिस करीब एक साल से आरोपी की तलाश कर रही थी. आखिरकार पुलिस ने तकनीकी और अन्य सूचनाओं के आधार पर उत्तर प्रदेश के सीतापुर से उसे गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया.

आरोपी के खिलाफ कई जिलों में दर्ज हैं मामले

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र के कई जिलों में पहले से मामले दर्ज हैं. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसने देश के अन्य राज्यों में भी इसी तरह की ठगी की है या नहीं. साथ ही उसके नेटवर्क और संभावित सहयोगियों की भी जांच की जा रही है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments