लखनऊ के कानपुर रोड पर एक तेज रफ्तार पिकअप ने साइकिल से जा रहे पीएसी के हेड कॉन्स्टेबल को तेज टक्कर मार दी। हादसे में वह बुरी तरह घायल हो गए।
लखनऊ में पिकअप ने साइकिल सवार हेड कॉन्स्टेबल को मारी टक्कर
आसिफ खान, लखनऊ: यूपी की राजधानी लखनऊ में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। सरोजनी नगर इलाके में कानपुर रोड पर एक तेज रफ्तार पिकअप ने साइकिल सवार पीएसी (PAC) के हेड कॉन्स्टेबल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हेड कॉन्स्टेबल गाड़ी के नीचे फंस गए और चालक उन्हें साइकिल समेत करीब 20 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। मौके पर मौजूद राहगीरों और पुलिस ने शोर मचाकर किसी तरह वाहन को रुकवाया और घायल को बाहर निकाला। उन्हें गंभीर हालत में कृष्णानगर स्थित लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से 32वीं वाहिनी पीएसी बटालियन परिसर में अपने परिवार के साथ रहने वाले जयप्रकाश राय (56) हेड कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात हैं। शनिवार सुबह करीब 7 बजे वह रोज की तरह साइकिल से मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। सुबह करीब 8 बजे जब वह वापस घर लौट रहे थे, तभी 32वीं वाहिनी के पास सड़क पार करते समय एयरपोर्ट की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
राहगीरों की मुस्तैदी से बची जान
हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। पिकअप चालक ब्रेक मारने की बजाय घायल हेड कॉन्स्टेबल को घसीटता रहा। यह देख आसपास मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाई और शोर मचाते हुए घेराबंदी कर पिकअप को रुकवाया।
पुलिस एक्शन
घटना की सूचना मिलते ही सरोजनीनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी चालक के वाहन को कब्जे में ले लिया है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

