मध्यप्रदेश के इंदौर के रावजी बाजार थाना क्षेत्र में एक शराबी युवक ने कार के शीशे तोड़ दिए हैं। वह सड़क पर खड़ा था। रास्ते के लिए कार मालिक ने हार्ड बजा दिया। इसी बात पर वह भड़क गया।
हाइलाइट्स
इंदौर के रावजी बाजार थाना क्षेत्र में शराबी का उत्पात
बोतल से कार का शीशा तोड़ा
हॉर्न की आवाज पर भड़का शराबी
कार सवार ने वीडियो बनाकर पुलिस में की शिकायत
Indore Criminal Smashed Windshield
कार पर चढ़कर शीशा तोड़ता बदमाश
इंदौर: रावजी बाजार थाना क्षेत्र में रविवार रात एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। सड़क पर खड़े एक युवक को हॉर्न बजाकर रास्ता देने के लिए कहना एक दंपती को भारी पड़ गया। युवक इतना नाराज हो गया कि उसने कार पर चढ़कर जमकर हंगामा किया और शराब की बोतल से कार के शीशे तोड़ दिए। पूरी घटना कार में बैठे दंपती ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली। अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
बीच सड़क पर खड़ा था युवक
जानकारी के अनुसार सिंधी कॉलोनी निवासी बाबू पंजवानी अपनी पत्नी के साथ कार से कहीं जा रहे थे। जब उनकी कार कलेक्ट्रेट चौराहे के पास शराब दुकान
के सामने पहुंची तब एक युवक बीच सड़क पर खड़ा था। काफी देर तक रास्ता नहीं मिलने पर दंपती ने उसे हटने के लिए हॉर्न बजाया।
हॉर्न की आवाज सुनते ही भड़का युवक
हॉर्न की आवाज सुनते ही युवक गुस्से में आ गया। उसने पहले कार के सामने आकर बोनट पर हाथ मारे और फिर सीधे बोनट पर चढ़ गया। इसके बाद उसने अपने पास मौजूद शराब की बोतल से कार के आगे का शीशा और दूसरे कांच तोड़ दिए। इस दौरान कार के अंदर बैठे दंपती घबरा गए लेकिन बाहर नहीं निकले। उन्होंने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल से रिकॉर्ड कर लिया।
पुलिस में दी शिकायत
घटना के बाद दंपती सीधे रावजी बाजार थाने पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने वीडियो भी देखा और जांच शुरू कर दी। कपल ने जो वीडियो रिकॉर्ड किया है, उसमें युवक का चेहरा साफ दिख रहा है। अब देखना होगा कि पुलिस क्या कार्रवाई करती है।
पुलिस कर रही है तलाश
इंदौर पुलिस का कहना है कि वीडियो और अन्य जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार तलाश कर रही है। अभी तक आरोपी पकड़ में नहीं आया है। गौरतलब है कि युवक ने जिस तरीके से कार पर हमला किया। उसमें सवार लोग काफी डर गए थे।

