गुना में धनिया व्यापारी के मुनीम से हुई 17 लाख की लूट का एसपी हितिका वासल की टीम ने महज 18 घंटे में खुलासा किया। पुलिस ने बरामद नोटों की गड्डियों से गुना पुलिस का साइन बनाया। जानें कैसे घर के किरायेदार ने ही कराई यह बड़ी लूट।
गुना में मुनीम से 17 लाख की लूट के आरोपियों को पुलिस ने 18 घंटे में ही धर दबौचा
गुना: शहर के निचला बाजार रपटा क्षेत्र में धनिया व्यापारी के मुनीम से हुई 17 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट के मामले में गुना पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस अधीक्षक (SP) हितिका वासल के निर्देशन में गठित 6 विशेष टीमों ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से महज 18 घंटे के भीतर अंधी लूट का पर्दाफाश कर दिया है।
पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले दो मुख्य लुटेरों, उन्हें कार से भगाने वाले मददगार और मुनीम की सटीक मुखबिरी करने वाले मास्टरमाइंड सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से लूट की राशि में से 16 लाख 77 हजार 100 रुपये की भारी-भरकम नकदी और वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार बरामद कर ली गई है।
बरामद नोटों की गड्डियों से बनाया ‘गुना पुलिस’ का साइन
इस पूरी सनसनीखेज वारदात का खुलासा एसपी हितिका वासल ने पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया। इस दौरान एक बेहद दिलचस्प और अनूठा नजारा देखने को मिला, जहां पुलिस टीम ने आरोपियों से बरामद की गई नोटों की गड्डियों को टेबल पर बेहद करीने से सजाकर बकायदा एक बड़ा ‘GUNA POLICE’ का साइन बनाया।
पेट का ऑपरेशन और टांके लगे होने के बावजूद की लूट
पकड़े गए आरोपियों में मुख्य लुटेरा राघव शर्मा है, जिसने पेट का बड़ा ऑपरेशन होने और टांके लगे होने के बावजूद इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। गिरफ्तार आरोपियों में…
सौरभ यादव (22 वर्ष) – निवासी विदिशा (मुख्य लुटेरा)
राघव शर्मा (26 वर्ष) – निवासी आरोन, गुना (मुख्य लुटेरा)
राहुल जाटव (25 वर्ष) – निवासी आरोन (कार से लुटेरों को भगाने वाला मददगार)
विजय उर्फ संजीव यादव (21 वर्ष) – निवासी अशोकनगर (मुख्य मुखबिर)
घर के किरायेदार ने ही की गद्दारी और मुखबिरी
पूछताछ में सबसे चौंकाने वाला खुलासा मुखबिरी को लेकर हुआ। पीड़ित मुनीम वासुदेव शर्मा जिस मकान में किराये से रहता है, उसी मकान में रहने वाले दूसरे किरायेदार विजय यादव ने लुटेरों को सटीक टिप दी थी। विजय को मुनीम के आने-जाने और लाखों रुपये के कैश कलेक्शन की पूरी जानकारी थी।
एक ही दिन में दो व्यापारियों को मारी गोली, CM के गृहनगर में बेखौफ हुए बदमाश
महज 40 सेकंड में आंखों में स्प्रे डाल छीने थे 17 लाख
यह पूरी वारदात 8 जुलाई 2026 की सुबह करीब 10.30 बजे हुई थी। कुंभराज के एक बड़े धनिया व्यापारी का मुनीम वासुदेव शर्मा पचोर और गुना से कुल 17 लाख रुपये का कलेक्शन लेकर पैदल जा रहा था। तभी मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उसकी आँखों में तीखा स्प्रे छिड़का और महज 40 सेकंड के भीतर रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी अरविंद सक्सेना ने आरोपियों पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
बीकानेर के मुनीम को चौराहे पर घेरा, आंखों में तीखा स्प्रे डाल बैग छीन भागे नकाबपोश, 10 सेकंड में 17 लाख की लूट
दो आरोपी अभी फरार हैं
एसपी हितिका वासल ने बताया कि मामले में शामिल तीसरा मुख्य आरोपी रूद्र गोस्वामी और एक अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस त्वरित और बड़ी कार्रवाई में एएसपी प्रशांत सुमन, सीएसपी आनंद राय समेत कोतवाली, कैंट और साइबर सेल की टीम की सराहनीय भूमिका रही।

