जंतर मंतर पर 11 दिनों से आमरण अनशन कर रहे सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत को लेकर AAP ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। संजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वांगचुक से मिलकर उनकी मांगों पर बातचीत करने की अपील की है।
नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) ने पर्यावरण कार्यकर्ता और शिक्षा सुधार की मांग उठा रहे सोनम वांगचुक के आमरण अनशन को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला है। पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेफॉर्म X पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल किया कि आखिर वह इस मुद्दे पर चुप क्यों हैं। सोनम वांगचुक पिछले 11 दिनों से जंतर-मंतर पर आमरण अनशन पर बैठे हैं और उनकी सेहत लगातार बिगड़ रही है।
संजय सिंह ने अपनी पोस्ट में लिखा, “सोचकर तकलीफ होती है मोदी जी, आप इतने निर्मम कैसे हो सकते हैं? सोनम वांगचुक जैसे पढ़े-लिखे शख्स पेपर लीक के खिलाफ पिछले 11 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे हैं। उनकी हालत बिगड़ रही है, उनका वजन 7 किलो घट चुका है। मोदी जी को उनकी बात सुनने की फुर्सत नहीं। आप तो जंतर-मंतर पहुंचिए।”
क्या है पूरा मामला?
सोनम वांगचुक ने जंतर-मंतर पर आमरण अनशन शुरू किया है। वह परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक के मुद्दे पर जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे हैं। इस आंदोलन में कई सामाजिक कार्यकर्ता और छात्र संगठन भी उनका समर्थन कर रहे हैं।
सेहत को लेकर बढ़ी चिंता
अनशन के दौरान वांगचुक की सेहत लगातार गिरने की जानकारी सामने आई है। उनके सहयोगियों के अनुसार उनका वजन करीब 7 किलो कम हो चुका है। साथ ही ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर का स्तर भी घटा है, जिससे समर्थकों की चिंता बढ़ गई है।
AAP ने सरकार को घेरा
AAP का कहना है कि इतने लंबे समय से अनशन पर बैठे व्यक्ति की मांगों पर सरकार को बातचीत करनी चाहिए। संजय सिंह ने प्रधानमंत्री से अपील की कि वह जंतर-मंतर जाकर वांगचुक से मिलें और उनकी बात सुनें। हालांकि, खबर लिखे जाने तक केंद्र सरकार की ओर से संजय सिंह के इस बयान पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

