नागपुर में ट्रैफिक पुलिसकर्मी के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में 14 लोगों को अरेस्ट किया है। पुलिस ने बताया कि 28 जून को मनकापुर रोड पर एक धार्मिक स्थल के पास मामूली ट्रैफिक विवाद के बाद आठ बाइकर्स ने सादे कपड़ों में मौजूद एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी के साथ मारपीट की थी।
नागपुर: महाराष्ट्र के नागपुर जिले में ट्रैफिक पुलिसकर्मी से मारपीट के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने इस मामले में 14 लोगों को अरेस्ट किया है। दरअसल 28 जून को मनकापुर रोड पर एक धार्मिक स्थल के पास मामूली ट्रैफिक विवाद के बाद आधी रात से कुछ घंटे पहले आठ बाइकर्स ने सादे कपड़ों में मौजूद एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी के साथ मारपीट की। इस दौरान उन्होंने उनकी निजी गाड़ी को नुकसान पहुंचाया और उसे जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में 14 लोगों को गिरफ्तारी की गई है।
क्या है पूरा मामला?
MIDC ब्रांच में तैनात 35 वर्षीय पुलिसकर्मी कुणाल सिंह घर लौट रहे थे। तभी मार्टिन नगर पुलिया से कुछ मीटर की दूरी पर मोटरसाइकिल सवारों के एक समूह ने उनकी कार के सामने खतरनाक तरीके से टेढ़ी-मेढ़ी ड्राइविंग शुरू कर दी। इस दौरान कई बाइकों पर पीछे भी लोग बैठे थे। कई बाइकों में डबल मोपेड एक्सल लगे हुए थे। जब सिंह ने उन्हें सावधान करने के लिए हॉर्न बजाया, तो बाइकर्स ने पहले तो रास्ता दे दिया, लेकिन जल्द ही मनकापुर चौक की ओर तेजी से आगे बढ़ गए।
ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर बोला हमला
ट्रैफिक सिग्नल से ठीक पहले एक बाइकर ने कथित तौर पर सिंह की कार के पिछले हिस्से में टक्कर मार दी। स्थिति तब और बिगड़ गई जब बाइकर्स ने उनका रास्ता रोक लिया, गैर-कानूनी तरीके से भीड़ जमा की, गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। समूह ने पुलिसकर्मी की गाड़ी पर पत्थर फेंके। पीछे की डिक्की का शीशा तोड़ दिया और बोनट को भी नुकसान पहुंचाया। जब सिंह उनसे बात करने के लिए बाहर निकले, तो भीड़ ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी गर्दन और पीठ पर चोटें आईं।
बाइक गैंग को भागना पड़ा
स्थानीय लोगों के बीच-बचाव करने पर बाइक गैंग को भागना पड़ा। वहां से गुजर रहे लोगों ने एक मोटरसाइकिल का रजिस्ट्रेशन नंबर नोट कर लिया, जिससे पुलिस को मदद मिली। मनकापुर पुलिस ने तुरंत FIR दर्ज की और CCTV फुटेज की जांच और गवाहों से जानकारी की अपील के बाद 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मनकापुर पुलिस स्टेशन के सीनियर इंस्पेक्टर हरेश कालसेकर ने बताया कि 14 आरोपियों में से तीन का आपराधिक रिकॉर्ड है।
सख्त कार्रवाई और गश्त बढ़ाने की मांग
रोड रेज का यह मामला नागपुर के व्यस्त इलाकों खासकर मार्टिन नगर, मनकापुर और आसपास के क्षेत्रों में हुई इसी तरह की हिंसक घटनाओं के बाद सामने आया है। सूत्रों का कहना है कि रात के समय तीन लोगों का एक साथ बाइक पर चलना (ट्रिपल राइडिंग) और आक्रामक व्यवहार आम समस्या बन गई है, जिससे अक्सर झगड़े होते हैं। वरिष्ठ अधिकारियों ने सख्त कार्रवाई और गश्त बढ़ाने का भरोसा दिया है, जबकि स्थानीय लोग बेहतर ट्रैफिक नियमों के पालन की मांग कर रहे हैं। आरोपियों को पकड़ने से पहले पुलिस ने घटना में शामिल कई बाइकों की जानकारी जुटाई, जिनमें अलग-अलग ब्रांड और मॉडल की बाइकें शामिल थीं।

