नागदा, जीवनलाल जैन। देश को पूरी तरह से पोलियो मुक्त बनाने के उद्देश्य से संपूर्ण भारत में चलाए जा रहे राष्ट्रीय अभियान के तहत बिरलाग्राम नागदा के वार्ड क्रमांक 26 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर पल्स पोलियो अभियान का सफल आयोजन किया गया। अभियान के दौरान 0 से 5 वर्ष तक के कुल 109 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई गई।
बच्चों को मिली ‘दो बूंद जिंदगी की’
यह अभियान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मीना पटेल, सहायिका मिथिलेश तिवारी और अध्यक्षा गोविंदकुंवर के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इस मौके पर मुख्य रूप से उपस्थित इंद्र फाउंडेशन की अध्यक्षा रेखा इंद्र ने बच्चों को दवा पिलाकर “दो बूंद जिंदगी की” का संदेश दिया। अभियान को और अधिक उत्साही बनाने के लिए इंद्र फाउंडेशन की ओर से उपस्थित सभी बच्चों को बिस्कुट का वितरण भी किया गया।
लायंस क्लब के सदस्य राजेश इंद्र ने गोद ली है यह आंगनबाड़ी
उल्लेखनीय है कि इस आंगनबाड़ी केंद्र को समाजसेवी संस्था लायंस क्लब नागदा के सदस्य लायन राजेश इंद्र द्वारा गोद लिया गया है। उनके माध्यम से पूर्व में भी यहां बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण, खिलौने, बिस्कुट और पौष्टिक आहार का वितरण किया जा चुका है। इतना ही नहीं, बच्चों के मनोरंजन के लिए आंगनबाड़ी में पहले भी बड़े खिलौने भेंट किए जा चुके हैं।
जल्द लगेंगे झूले और फिसलपट्टी
इंद्र फाउंडेशन की अध्यक्षा रेखा इंद्र ने इस अवसर पर बच्चों के सुनहरे भविष्य और उनके मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए आंगनबाड़ी केंद्र में बहुत जल्द फिसलपट्टी (स्लाइडर) और झूले लगवाने की घोषणा की। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी बच्चों की जरूरत के अनुसार संस्थान द्वारा यथासंभव मदद जारी रहेगी।
वार्ड पार्षद सहित कई गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित
इस सेवा कार्य और राष्ट्रीय अभियान के दौरान वार्ड पार्षद संदीप चौधरी, वरिष्ठ महिला गीता देवी शर्मा, राधा सिंह, बालकृष्ण शर्मा, सुरेंद्र टिकार, हरिसिंह, अंकित झा, इंदौर से आईं ममता साहू सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र की मातृशक्ति और वार्ड के प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: जीवनलाल जैन, नागदा

