दिल्ली के उत्तम नगर में एक शोरूम में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई है। दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटी हैं। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और आग के कारणों की जांच जारी है।
नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में एक शोरूम में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया। फिलहाल आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने की वजह भी फिलहाल साफ नहीं हो सकी है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा और आग लगने के कारणों की जांच की जाएगी।
चार मंजिला इमारत में लगी थी आग
दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार, आग बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और तीन मंजिल वाली करीब 350 वर्ग गज में फैली एक इमारत में लगी थी। आग की चपेट में इमारत में रखा इलेक्ट्रॉनिक सामान, बिजली के उपकरण, फर्नीचर और अन्य सामान आ गया, जिससे सभी मंजिलों पर भारी नुकसान हुआ। दमकल विभाग ने बताया कि लगातार कई घंटों की मशक्कत के बाद सुबह करीब 6:30 बजे आग पर काबू पा लिया गया। इसके बाद टीम ने कूलिंग ऑपरेशन शुरू किया, ताकि आग दोबारा न भड़क सके। सुबह 7:05 बजे तक की जानकारी के अनुसार, इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।
दमकल विभाग ने क्या बताया?
दिल्ली फायर सर्विस के डिविजनल फायर ऑफिसर राजिंदर अटवाल ने बताया कि आग एक इलेक्ट्रॉनिक सामान के शोरूम में लगी थी। उन्होंने कहा कि दमकल कर्मियों की लगातार कोशिशों के बाद आग पर लगभग पूरी तरह काबू पा लिया गया है और फिलहाल कूलिंग ऑपरेशन जारी है, ताकि आग दोबारा न भड़क सके। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जाएगी और आग पूरी तरह बुझने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा।
लगातार हो रहीं ये घटनाएं
जब पिछले कुछ महीनों में दिल्ली, लखनऊ और राजस्थान समेत कई शहरों में भीषण आग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इनमें कई लोगों की जान गई, करोड़ों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई और फायर सेफ्टी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हुए। दिल्ली की ऐसी ही दिल दहला देने वाली घटनाएं कुछ इस तरह हैंः
- मालवीय नगर होटल आग हादसा
दिल्ली के मालवीय नगर में एक होटल में भीषण आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई थी। शुरुआती जांच में आग की वजह शॉर्ट सर्किट मानी गई। जांच में यह भी सामने आया कि इमारत में सुरक्षित निकासी के पर्याप्त रास्ते नहीं थे और कई सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया गया था।
- पालम रिहायशी इमारत में आग
मार्च 2026 में पालम के साध नगर इलाके में एक मकान में आग लगने से 9 लोगों की जान चली गई थी। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई थी। इसके बाद सरकार ने कई इलाकों में फायर सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए थे।
- तुगलकाबाद एक्सटेंशन आग
जून 2026 में तुगलकाबाद एक्सटेंशन में लगी आग को पहले हादसा माना गया था, लेकिन बाद में पुलिस जांच में पता चला कि यह आग जानबूझकर लगाई गई थी। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।
आखिर बार-बार क्यों लग रही है आग?
एक्सपर्ट्स के अनुसार, देश के कई शहरों में आग की घटनाओं के पीछे कुछ सामान्य कारण सामने आ रहे हैं—
शॉर्ट सर्किट सबसे बड़ा कारण बनकर सामने आ रहा है।
पुराने और ओवरलोड बिजली के तार आग का खतरा बढ़ाते हैं।
एसी, इनवर्टर और भारी बिजली उपकरणों के लगातार इस्तेमाल से वायरिंग गर्म हो जाती है।
कई इमारतों में फायर अलार्म, स्प्रिंकलर और अग्निशमन उपकरण सही हालत में नहीं होते।
इमरजेंसी निकासी के रास्ते बंद या बहुत संकरे होते हैं।
कई व्यावसायिक इमारतों में फायर सेफ्टी नियमों का पालन नहीं किया जाता।
नियमित फायर सेफ्टी ऑडिट और बिजली की जांच नहीं होने से खतरा और बढ़ जाता है।

