NDMC ने मानसून के दौरान जलभराव, गड्ढों और ट्रैफिक जाम की समस्या कम करने के लिए 1 जुलाई से 30 सितंबर तक सड़क खुदाई पर रोक लगा दी है। परिषद ने सभी एजेंसियों को नियमों का सख्ती से पालन करने और जल निकासी व्यवस्था पर निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
रोड कटिंग पर पूरी तरह से लगी रोक(AI Image)
नई दिल्ली: मानसून के दौरान सड़कों पर जलभराव, गड्ढ़ों और ट्रैफिक जाम से लोगों को बचाने के लिए नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) ने बड़ा फैसला लिया है। NDMC क्षेत्र में 1 जुलाई से 30 सितंबर तक सड़कों की खुदाई यानी रोड कटिंग के कामों पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। NDMC के अध्यक्ष केशव चंद्रा ने साफ किया है कि मानसून के दौरान जनता की सुरक्षा और उनकी सहूलियत परिषद की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। भारी बारिश के समय पैदल चलने वालों की परेशानियों को कम करने, ट्रैफिक कंट्रोल करने और सुगम बनाने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
रोड कटिंग पर पूरी तरह से लगी रोक
इस आदेश के तहत सभी संबंधित विभागों, एजेंसियों और ठेकेदारों को हिदायत दी गई है कि वे इन नियमों का सख्ती से पालन करें।
नए नियमों के मुताबिक जिन जगहों पर पहले से खुदाई का काम चल रहा है, उन्हें मॉनसून शुरू होने से ठीक पहले हर हाल में पूरा करना होगा।
काम खत्म करने के बाद एजेंसी की जिम्मेदारी होगी कि वह सड़क की सतह को पूरी तरह समतल और ठीक करे।
इसके अलावा, जिन कामों के लिए पहले ही मंजूरी मिल चुकी थी, लेकिन अभी तक खुदाई शुरू नहीं हुई है, उन सभी मंजूरियों को इस प्रतिबंध की अवधि के दौरान रोक दिया जाएगा।
NDMC का मानना है कि इस कदम से बारिश के दौरान सड़कों पर जलभराव और दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी।
साथ ही, लोगों को ट्रैफिक जाम और खराब सड़कों की समस्या से भी काफी हद तक राहत मिलेगी।
परिषद ने अधिकारियों को मानसून के दौरान सड़कों और जल निकासी व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए हैं।

