भाजपा विधायक रत्नाकर मिश्रा का एक वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वे एक महिला की शिकायत पर गुस्से में दिख रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा के गुस्से का मामला सामने आया है। दरअसल, रत्नाकर मिश्रा इलाके के भ्रमण पर थे। इसी दौरान एक महिला ने अपनी शिकायत उनसे की। छानबे क्षेत्र की रहने वाली बुजुर्ग महिला ने विधायक से कार्रवाई की गुहार लगाई। उन्होंने कहा कि विधायक जी, हमारी शिकायत नहीं सुनी जा रही है। नाली और पानी निकासी को लेकर कुछ लोग मुझे गाली दे रहे हैं। इस पर विधायक नाराज हो गए। उन्होंने सीधे तौर पर कहा कि जो गाली देगा, वह लात खाएगा। अब यह मामला इलाके में खासी चर्चा में हैं।
क्या है मामला?
भाजपा नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आया है। इसमें वे एक बुजुर्ग महिला की शिकायत सुनते दिखते हैं। बुजुर्ग महिला के नाली एवं पानी निकासी को लेकर कुछ लोगों के गाली देने की शिकायत पर वह भड़क गए। नाराज विधायक ने कहा किजो गाली देगा, वह लात खाएगा। आप को कोई गाली कैसे दे सकता है। उन्होंने कहा कि कोई किसी को गाली नहीं दे सकता।
बीडीओ को किया फोन
इसके बाद विधायक रत्नाकर मिश्रा ने बीडीओ को फोन कर महिला की समस्या का समाधान करने को कहा। उन्होंने महिला की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की बात कही। उन्होंने कहा कि यह सब नहीं चलेगा। महिला का कार्य जल्द से जल्द होना चाहिए। विधायक ने सीधे तौर पर किसी भी व्यक्ति या महिला को धमकाने के मामलों पर सख्ती से कार्रवाई की बात कही।
किसी भी महिला को धमकाना उचित नहीं है। अगर कोई ऐसे किसी महिला को धमकाएगा तो फिर लात खाएगा। थानेदार और संबंधित अधिकारी बुजुर्ग महिला की शिकायत को तुरंत दूर करें। रत्नाकर मिश्रा, नगर विधायक, मिर्जापुर
कौन हैं रत्नाकर मिश्रा?
रत्नाकर मिश्रा मिर्जापुर नगर विधानसभा सीट से दूसरी बार विधायक चुने गए हैं।
वह विंध्याचल के प्रसिद्ध माता विंध्यवासिनी मंदिर के मुख्य तीर्थ पुरोहितों में से एक हैं।
लाल कृष्ण आडवाणी से लेकर गृह मंत्री अमित शाह तक सभी शीर्ष नेताओं के लिए रत्नाकर मिश्रा ने धार्मिक अनुष्ठान कराए हैं।
लोकसभा चुनाव 2014 में पीएम मोदी की जीत के लिए उन्होंने विशेष अनुष्ठान किया था पीएम के शपथ ग्रहण में उन्हें विशेष अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया।
रत्नाकर मिश्रा ने 2017 में हुए चुनाव में मिर्जापुर सदर सीट से जीत हासिल की।
उन्होंने कैलाश चौरसिया को 57,412 वोटों से हराया था।
यूपी चुनाव 2022 में रत्नाकर मिश्रा 1,18,642 वोटों के भारी अंतर से जीत दर्ज करने में कामयाब रहे।
कार्यक्रम में गए थे छानबे
विधायक रत्नाकर मिश्रा एक कार्यक्रम में भाग लेने छानबे पहुंचे थे। दरअसल, वे लोगों के बीच रहने वाले नेताओं के तौर पर जाने जाते हैं। कार्यक्रम में भाग लेने जाने के दौरान ही गैपुरा में पानी निकासी और नाली की समस्या को लेकर एक बुजुर्ग महिला विधायक के पास पहुंच गईं। उन्होंने कहा कि लोग मुझे परेशान कर रहे है। गाली दे रहे हैं।
महिला की शिकायत सुनते ही विधायक नाराज हो गए। उन्होंने महिला को कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद विधायक ने थानेदार और जल निगम के अधिकारियों को भी फोन कर महिला को न्याय दिलाने का निर्देश दिया।

