नागदा। देश की एकता, अखंडता एवं राष्ट्रहित के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले भारतीय जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष, महान राष्ट्रवादी एवं करुणामयी व्यक्तित्व के धनी श्रद्धेय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा बूथ क्रमांक 116 पर श्रमिकों के बीच श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री राजेश धाकड़, मंडल अध्यक्ष श्री विजय पटेल, पार्षद श्रीमती भावना रावल, श्री मनीष कांठेड एवं श्री हितेश कांठेड विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ भाजपा नेता श्री सुबोध स्वामी ने किया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष श्री राजेश धाकड़ ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका जीवन देशभक्ति, राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है। तत्कालीन कांग्रेस की नेहरू सरकार की पुष्टिकरण नीति का विरोध करते हुए श्री मुखर्जी ने एक देश दो निशान दो प्रधान दो विधान नहीं चलेगा नहीं चलेगा का नारा दिया और धारा 370 हटाने के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
वहीं मंडल अध्यक्ष श्री विजय पटेल ने कहा कि डॉ. मुखर्जी के विचार आज भी प्रत्येक देशवासी को राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं श्रमिकों ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनों ने डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों को जन-जन तक पहुँचाने और देश की एकता एवं अखंडता को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

