Homeभारतमध्यप्रदेश'हम वोट देते हैं और गनमैन गाली देता है…' जाम में घिरे...

‘हम वोट देते हैं और गनमैन गाली देता है…’ जाम में घिरे BJP विधायक मोहन सिंह राठौर, शिकायत पर तुरंत मांगनी पड़ी माफी, वीडियो वायरल

एमपी के भितरवार से भाजपा विधायक मोहन सिंह राठौर की गाड़ी शनिवार को जाम में क्या फंसी, मौके पर हाई-वोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया। जाम खुलवाने के दौरान विधायक के गनमैन ने ट्रैक्टर पलटने से परेशान एक शख्स को गाली दे दी। पीड़ित ने जब सीधे गाड़ी की खिड़की पर जाकर विधायक से शिकायत की, तो विधायक को सरेआम माफी मांगनी पड़ी। अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है…

भितरवार से भाजपा विधायक मोहन सिंह ने गनमैन ने गाली दी तो विधायक को माफी मांगना पड़ी

ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के भितरवार इलाके से एक हाई-प्रोफाइल राजनीतिक ड्रामे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यहां शनिवार को एक भीषण ट्रैफिक जाम में भितरवार विधानसभा सीट से भाजपा विधायक मोहन सिंह राठौर की गाड़ी फंस गई। इस दौरान जाम खुलवाने को लेकर विधायक के सुरक्षाकर्मी (गनमैन) और एक स्थानीय व्यक्ति के बीच तीखी बहस हो गई। आरोप है कि गनमैन ने उस शख्स को सरेआम गाली दे दी, जिसके बाद मौके पर भारी हंगामा शुरू हो गया।

‘हम वोट देते हैं और आपका गनमैन गाली देता है…’

सोशल मीडिया पर सोमवार को सामने आए इस वीडियो में भितरवार के एक व्यस्त और बेहद भीड़भाड़ वाले इलाके में गाड़ियों का लंबा जाम नजर आ रहा है। इसी बीच, पीड़ित व्यक्ति सीधे गाड़ी की खिड़की पर बैठे भाजपा विधायक मोहन सिंह राठौर के पास पहुंचता है।

वीडियो में वह शख्स विधायक से शिकायत करते हुए कहता है, ‘विधायक जी, मेरा ट्रैक्टर पलट गया है, इस वजह से यहां जाम लग गया है। लेकिन आपका गनमैन मुझे गालियां दे रहा है।’ शख्स का गुस्सा यहीं नहीं थमा, उसने विधायक के सामने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए आगे कहा, ‘विधायक जी, हम आपके समर्थक हैं, आपको वोट देते हैं और आप हमें गाली दिलवा रहे हैं? हमारी सरकार आएगी तब हम देख लेंगे।’

गनमैन की बदतमीजी पर भारी पड़ी विधायक की ‘गांधीगिरी’

शिकायतकर्ता की बात सुनते ही विधायक मोहन सिंह राठौर ने संवेदनशीलता दिखाई। उन्होंने माहौल बिगड़ता देख और अपने गनमैन की गलती को भांपते हुए तुरंत उस व्यक्ति से हाथ जोड़कर माफी मांग ली। हालांकि, विधायक के माफी मांगने के बाद भी पीड़ित शख्स काफी देर तक अपनी नाराजगी जताता रहा। मामला बढ़ता देख विधायक वहां से आगे के लिए रवाना हो गए।

सामने आया घटना का ‘कांग्रेसी कनेक्शन’

राजनीतिक गलियारों में इस घटनाक्रम को लेकर एक नया मोड़ सामने आया है। बताया जा रहा है कि जिस व्यक्ति की गनमैन से बहस हुई थी, वह स्थानीय स्तर पर कांग्रेस से जुड़ा हुआ है।

सिंधिया के साथ पाला बदल चुके हैं विधायक

दिलचस्प बात यह है कि भितरवार विधायक मोहन सिंह राठौर पहले खुद कांग्रेस में थे। साल 2020 में ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ वे भी पाला बदलकर भाजपा में शामिल हो गए थे। इसके बाद भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़कर वे भितरवार से विधायक चुने गए। यही वजह है कि शिकायत करने वाले शख्स ने खुद को उनका ‘पूर्व समर्थक’ बताया। फिलहाल, यह वीडियो ग्वालियर-चंबल संभाग के सोशल मीडिया ग्रुप्स पर जमकर शेयर किया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments