हापुड़ में भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत का मामला सामने आया है। दिल्ली लखनऊ हाइवे पर हादसे में एक बच्ची की भी जान चली गई।
उत्तर प्रदेश के हापुड़ से दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। दिल्ली-लखनऊ हाइवे पर सोमवार देर शाम हादसे ने कोहराम मचा दिया। तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। दरअसल, दिल्ली-लखनऊ हाइवे पर एक रोडवेज बस यात्रियों को उतार रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक आई और यात्रियों को कुलचती हुई निकल गई। इस हादसे में एक बच्ची और एक युवती की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद वहां कोहराम मच गया। घटना में करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उनका इलाज चल रहा है।
मौके पर मची चीख-पुकार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि हाइवे पर चीख-पुकार मच गई। बस से उतर रहे यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। तेज रफ्तार ट्रक उन्हें रौंदते हुए निकल गया। घटना की सूचना मिलते ही सीओ सहित दो थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। ट्रक चालक की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है।
कारणों की चल रही जांच
हादसा थाना हापुड़ देहात क्षेत्र स्थित दिल्ली-लखनऊ हाइवे पर हुआ। पुलिस अधिकारियों ने इस मामले में कहा कि एक्सिडेंट के कारणों की जांच की जा रही है। घायलों और मृतकों की पहचान कराई गई है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाइवे पर ट्रैफिक भी प्रभावित रहा। पुलिस ने वाहनों को नियंत्रित कर स्थिति सामान्य कराई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजनों में मातम छा गया।

