एमपी के गुना जिले में चलती ट्रेन में चोरी का मामला सामने आया है। परिवार शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहा था। करीब 25 तोले सोने के जेवर साथ में थे।
गुना: बीना-ग्वालियर पैसेंजर में सनसनीखेज वारदात समाने आई है। मुंगावली से म्याना की यात्रा कर रहे एक परिवार को ट्रेन में मची भारी भीड़ के कारण लाखों रुपये का चूना लग गया। शातिर चोरों ने बीना-ग्वालियर पैसेंजर ट्रेन में सफर कर रहे एक यात्री के ट्राली बैग की चेन खोलकर उसमें रखे लगभग लाखों मूल्य के सोने-चांदी के पुश्तैनी जेवरात पार कर दिए।
बैग खोलकर निकाला सामान
पीड़ित परिवार जब गुना स्टेशन पहुंचने से पहले संभला, तब तक चोर अपना काम कर रफूचक्कर हो चुके थे। पीड़ित की शिकायत पर जीआरपी गुना पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जीआरपी से मिली जानकारी के अनुसार, अशोकनगर जिले के मुंगावली थाना क्षेत्र अंतर्गत नरखेड़ा गांव के निवासी आबिद खान ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। फरियादी ने बताया कि वह अपनी पत्नी और बहुओं के साथ बीना-ग्वालियर पैसेंजर से मुंगावली से म्याना की यात्रा कर रहे थे। सफर के दौरान उन्होंने अपना कीमती ट्राली बैग ऊपर वाली सीट पर रख दिया था, जबकि महिलाएं नीचे बैठी थीं।
रेटवास स्टेशन से गुना स्टेशन के बीच ट्रेन में अचानक भारी भीड़ हो गई, जिसका फायदा उठाकर कुछ अज्ञात मुसाफिर ऊपर की सीट पर आकर बैठ गए। गुना स्टेशन आने से ठीक पहले जब आबिद खान ने ऊपर देखा, तो उनके होश उड़ गए क्योंकि उनके ट्राली बैग की चेन खुली हुई थी। हड़बड़ाहट में जब बैग को खंगाला गया, तो उसमें रखे सारे गहने गायब थे।
क्या-क्या चोरी हुआ
जिसमें सोने के 6 हार, 2 कड़े, 4 कंगन, 2 चेन, 6 अंगूठियां, कान के झाले व टॉप्स तथा चांदी की 4 जोड़ी पायल, हथफूल और बिछिया शामिल हैं। फरियादी के अनुसार करीब 25 तौला से अधिक सोने के जेवर एवं सवा किलो के करीब चांदी के जेवर चोरी हुए । , जिनकी वर्तमान कीमत करीब 40 लाख रुपए से अधिक है। हालांकि पुलिस ने अपनी एफआईआर में जेवरों का मूल्य पुराने भाव पर 16 लाख रुपए बताया है।
ग्वालियर-बीमा पैसेंजर ट्रेन में चोरी
लाखों का जेवर लेकर चोर फरार
शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था परिवार
परिवार के सदस्यों ने थाने में दर्ज कराई शिकायत
परिवार की लापरवाही से हुई चोरी
थाना प्रभारी गुना जीआरपी श्रीपाल सिंह ने बताया कि एडीजे रेलवे राजाबाबू सिंह के निर्देशन में एएसपी इंदौर साइबर सेल के नेतृत्व में दस सदस्यीय जीआरपी पुलिस की टीम मामले में सर्चिंग कर रही है। गुना से लेकर बीना के बीच के सभी रेलवे स्टेशनों के CCTV फुटेज लिए जा रहे हैं। यह परिवार शादी में शामिल होने मुंगावली से म्याना जा रहा था। प्रथम दृष्टया मामले में इस परिवार की लापरवाही के चलते चोरी हुई है, इतनी कीमती चीज को इन्होंने अपने पास क्यों नहीं रखा।

