Homeभारतउत्तरप्रदेशपिता की कम कमाई से चिढ़ा बेटा…बाइक रुकवाकर सीने में उतार दी...

पिता की कम कमाई से चिढ़ा बेटा…बाइक रुकवाकर सीने में उतार दी गोलियां

उत्तरप्रदेश के कौशांबी में एक युवक पर अपने ही पिता की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगा है. पुलिस के अनुसार, पारिवारिक और आर्थिक विवाद के चलते बेटे ने रास्ते में बाइक रुकवाकर पिता के सीने में गोलियां दाग दीं. गंभीर रूप से घायल पिता की अस्पताल में मौत हो गई. आरोपी फरार है और उसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हैं.

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां एक 22 वर्षीय युवक पर अपने ही पिता की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगा है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवार में लंबे समय से आर्थिक विवाद चल रहा था और इसी को लेकर बेटे ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया.

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान 48 साल के रामनरेश कोरी के रूप में हुई है, जो कलेक्ट्रेट कार्यालय में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे. सोमवार सुबह वह अपने बेटे राहुल के साथ मोटरसाइकिल से मंझनपुर स्थित काम पर जा रहे थे. रास्ते में बीपी पब्लिक स्कूल के पास पहुंचने पर राहुल ने अपने पिता से बाइक रोकने के लिए कहा.

जैसे ही रामनरेश ने मोटरसाइकिल रोकी, आरोपी बेटे ने कथित तौर पर देशी तमंचा निकाल लिया और पिता के सीने में दो गोलियां दाग दीं. अचानक हुए इस हमले से रामनरेश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया.

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल रामनरेश को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. हालत गंभीर होने पर उन्हें प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई.

पुलिस जांच में पारिवारिक विवाद हत्या की मुख्य वजह के रूप में सामने आया है. अधिकारियों के अनुसार, परिवार के कुछ सदस्यों का आरोप है कि रामनरेश अपने बच्चों की पढ़ाई और घर के खर्च के लिए पर्याप्त आर्थिक सहायता नहीं दे रहे थे. इसी बात को लेकर परिवार में तनाव बना हुआ था.

जानकारी के अनुसार, रामनरेश मंझनपुर में अपने बड़े भाई राकेश के साथ रहते थे, जबकि उनकी पत्नी सुधा देवी, तीन बेटे राहुल, अरुण और अंकित तथा बेटी बित्तन देवी गांव नारा में अलग रहते थे. इसी पारिवारिक दूरी और आर्थिक विवाद ने धीरे-धीरे गंभीर रूप ले लिया.

मामले में मृतक के बड़े भाई राकेश की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मंझनपुर क्षेत्राधिकारी शिवांक सिंह ने बताया कि आरोपी राहुल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं. संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments